Coronavirus, (COVID-19) Calf Beaten To Death In Uttar Pradesh: जानवरों पर सितम का सिलसिला जारी है। अब उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बछड़े की डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। यह हत्या मंगलवार (09–6-2020) को की गई। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि इसी दिन राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई कैबिनेट की एक बैठक में ‘यूपी गोवध निवारण संशोधन अध्यादेश 2020’ को मंजूरी दी गई। इसके तहत गोकशी या तस्करी पर 10 साल तक की जेल हो सकेगी। ‘गोवंश’ की रक्षा के लिए लाए गए इस अध्यादेश में 5 लाख रुपए जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है। अध्यादेश के मुताबिक, दोबारा दोषी पाए जाने पर दोगुनी सजा होगी। यह अध्यादेश राज्यपाल की मंजूरी के बाद लागू हो जाएगा।
एक तरफ राज्य सरकार ‘गोवंश’ की रक्षा के लिए अध्यादेश लाने में जुटी थी दूसरी तरफ मोहब्बत का शहर कहे जाने वाले आगरा में हैवानियत हो रही थी। यहां के एत्माउद्दौला इलाके में एक बछड़ा गलती से पालतू गाय और भैंस का चारा खाने पहुंच गया। लेकिन यह बात गाय-भैंस को पालने वाले शख्स को इतनी नागवार गुजरी की उसने डंडे से बछड़े की पिटाई शुरू कर दी।
थोड़ी ही देर बाद एक दूसरा शख्स भी वहां आ गया। इस शख्स ने भी गाय के बछड़े पर रहम नहीं दिखाई बल्कि इसने वहां पड़ा दूसरा डंडा उठा लिया और बछड़े की पिटाई शुरू कर दी। बेरहमी का यह खेल तब तक चलता रहा जब तक कि बछड़े के प्राण ना उखड़ गए।
पीट-पीट कर बछड़े को मार डालने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में यह दोनों शख्स एक बछड़े के साथ हैवानियत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस घटना की निंदा की है।
इस वायरल सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने जानवर से बर्बरता बरते जाने के आरोप में दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनपर कई धाराओं में केस भी दर्ज किया गया है।
https://youtu.be/ZTSfEFnHzis
पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर दोनों युवकों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश में भी एक गर्भवती गाय से क्रूरता बरती गई थी। गर्भवती गाय को विस्फोटक भरा खाना खिला दिया गया था। मुंह में ब्लास्ट होने की वजह से गाय बुरी तरह से जख्मी हो गई थी।
गाय के अलावा हाल के दिनों में हथिनी, तेंदुआ तथा सियार जैसे जानवरों के साथ भी इंसानों के द्वारा वहशीपना भरा व्यवहार किये जाने का मामला सामने आय़ा है। गर्भवती हथिनी को भी अनानास में विस्फोटक मिला कर दे दिया गया था। मुंह में ब्लास्ट होने की वजह से 2 दिन बाद हथिनी की मौत हो गई थी।
