उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पहचान छिपा कर विधवा महिला के साथ रह रहे विशेष धर्म के शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शख्स बीते दो महीने से पहचान छिपा कर महिला के साथ रह रहा था। महिला के दो बच्चे भी हैं। हालांकि, पूरे मामले से पर्दा तब उठा जब मकान मालिक को शख्स पर शक हुआ और उसने कड़ाई से उससे पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने उक्त शख्स को हिरासत में ले लिया है। पूरा मामला बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के खत्रियान इलाके का है।
न्यूज18 में छपी रिपोर्ट के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक ने बताया कि करीब साल भर पहले विधवा महिला से उसकी मुलाकात हुई थी। तब उसने अपना नाम संजीव शर्मा बताया था। दोनों के बीच बातें शुरू हो गई और धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे।
इसी बीच दो महीने पहले महिला उक्त शख्स के साथ हरिद्वार में एक किराए के मकान में रहने लगी। महिला का बेटा भी उसके साथ ही रहता था। जबकि उसकी बेटी अपनी दादी के साथ रहती थी। फिर वे सभी साथ ही मोहल्ला खत्रियान में तरंग पाठक के घर में रहने लगे।
घटना के संबंध में मकान मालिक तरंग पाठक ने बताया कि किराए पर रहने आए युवक ने अपना नाम संजीव शर्मा बताया। इसलिए पहले उसको शक नहीं हुआ। वो आते जाते राम-राम भी कहता और उसने नवरात्रि का व्रत भी रखा था।
हालांकि, मंगलवार को उसकी बेटी नीचे आई और कहा कि उक्त युवक उसकी मां से झगड़ रहा है। इस पर जाकर जब कड़ाई से उससे पूछताछ की तो सारी सच्चाई सामने आ गई। युवक ने अपनी असली पहचान इस्मालपुरदार निवासी मोहम्मद शादाब के रूप में बताई।
यह बात जानकार स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इधर, विधवा महिला ने बताया कि युवक ने मिलने पर अपना नाम संजीव शर्मा बताया था। साल 2007 में उसकी शादी हुई थी। इस शादी से उसे दो बच्चे बेटी (16) और बेटा (8) हुए। हालांकि डेढ़ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। इसी दौरान वो आरोपी के संपर्क में आई। फिलहाल महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकरक कार्रवाई की मांग की है।