Barabanki News: सजी-धजी दुल्हन अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी। घरवाले बारात के स्वागत के लिए तैयार बैठे थे। घराती पार्टी का आनंद उठा रहे थे। पूरा माहौल खुशनुमा था। तभी दरवाजे पर बारात की जगह बिन बुलाई मेहमान आ गई और फिर सारा माहौल ही बदल गया। यहां तक की शादी भी टूट गई। आइये बताते हैं पूरा मामला क्या है।

दोनों की शादी का सर्टिफिकेट भी दिखाया

मामला उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले का है। यहां एक शादी समारोह के दौरान तब हड़कंप मच गया जब दुल्हन के घर के बाहर एक महिला पुलिस के साथ पहुंच गई। महिला ने होने वाले दूल्हे को अपना पति बताया। साथ ही लड़की के घरवालों को दोनों की शादी का सर्टिफिकेट भी दिखाया। उसने लड़के से कोर्ट में की गई शादी की तस्वीर भी दिखाई।

ये सब देख लड़की पक्ष के लोग चौंक गए। वहीं, जब दूल्हे को इस बात की जानकारी मिली तो वो बारात लेकर ही नहीं आया। लेकिन दूल्हे राजा की पोल पट्टी खुलने के बाद लड़की के घर वाले पुलिस के पास पहुंच गए।

उन्होंने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में उन्हें गुमराह करने और शादी को लेकर लाखों रुपये के नुकसान होने का आरोप लगाया है। पूरा मामला नगर पंचायत सुबेहा के जवाहर नगर मोहल्ले का है। यहां रहने वाले शख्स ने अपनी बेटी की शादी लखनऊ के राजाजी पुरम के रहने वाले लड़के संदीप कुमार से तय की थी।

पुलिस के साथ लड़की के घर पहुंची महिला

तय कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर को शादी होनी थी। लेकिन तभी दूल्हे की पहली पत्नी सुबेहा थाना पहुंच गई और सारी सच्चाई बताई। ये सुनकर पुलिस भी चौंक गई। फिर वो पुलिस के साथ लड़की के घर पहुंची और उसके पिता से मिली। उसने संदीप की सारी सच्चाई बताते हुए उन्हें अपनी बेटी को बचा लेने को कहा। समय रहते सच्चाई सामने आने के बाद शादी टूट गई।

बता दें कि बीते दिनों बिहार के मुजफ्फरपुर में भी शादी के दौरान बवाल की घटना सामने आई थी। यहां लड़की वालों ने शादी के लिए दो लाख रुपये की मांग लड़के वालों के सामने रख दी थी। पढ़ें पूरी खबर…