अब उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक पर आरोप लगा है कि उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस स्टेशन में धावा बोल दिया। आरोप है कि विधायक ने इस दौरान छेड़छाड़ के एक आरोपी को भी छुड़ा लिया और अपने साथ लेकर चले गए। यह मामला लखीमपुर-खीरी का है। बताया जा रहा है कि लखीमपुर जिले की मोहम्मदी कोतवाली पुलिस एक शख्स को छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ कर लाई थी।

यह खबर जब बीजेपी के विधायक लोकेंद्र बहादुर को मिली तब वो आगबबूला हो गए। जानकारी के मुताबिक वो अपने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर थाने पर पहुंच गए। कहा जा रहा है कि उस वक्त विधायक के साथ उनके बेटे भी थे। थाने में युवक को पकड़ने को लेकर पुलिस के साथ उनकी गरमागरम बहस हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान पुलिसवालों के साथ बदसलूकी भी की गई।

विधायक के समर्थकों ने थाने में घंटों हंगामा किया। थाने में मचे हंगामे के बीच बीजेपी विधायक ने अपनी दबंगई दिखाते हुए छेड़छाड़ के आरोपी को भी छुड़ा लिया। काफी देर तक हंगामा होने के बाद विधायक, आरोपी युवक को अपने साथ लेकर चले गए। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि छेड़छाड़ का आऱोपी युवक बीजेपी का कार्यकर्ता था।

बहरहाल अब इस मामले में पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। इधर रात को थाने में हुए हंगामे की खबर सुबह होते ही पूरे इलाके में फैल गई है। सभी लोग भाजपा नेता की दबंगई से हैरान हैं। आपको बता दें कि यूपी के ही बलिया कांड में बीजेपी के विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी आरोपी का समर्थन किया था। इस मामले में पार्टी ने सुरेंद्र सिंह को लखनऊ तलब किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि पार्टी विधायक के खिलाफ कड़ा एक्शन भी ले सकती है।

कुछ दिनों पहले बलिया में पुलिसवालों के सामने एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड का एक वीडियो भी सामने आया था था। हत्या का आरोप धीरेंद्र सिंह औऱ उसके कुछ सहयोगियों पर लगा था। हत्या के बाद धीरेंद्र सिंह फरार हो गया था। बताया जा रहा था कि धीरेंद्र सिंह भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का करीबी है। सोशल मीडिया पर धीरेंद्र सिंह की कुछ तस्वीरें भी भाजपा विधायक के साथ मौजूद हैं।