16 साल के लड़के ने करीब 7 महीने तक नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया। यह मामला उस वक्त उजागर हुआ जब लड़की गर्भवती हो गई। मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले का है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस जुवेनाइल एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है क्योंकि आरोपी भी नाबालिग ही है।
अल्ट्रासाउंड में गर्भवती होने खुलासा: 14 साल की इस लड़की ने कुछ दिनों पहले अपने परिजनों से पेट दर्द की शिकायत की। बच्ची के माता-पिता ने उसे डॉक्टर से दिखाया। जिसके बाद डॉक्टर की सलाह पर लड़की को दवा दी गई। हालांकि दवा खाने के बाद भी लड़की की तकलीफ कम नहीं हुई। लड़की की तबियत ठीक नहीं होने पर डॉक्टर ने परिवार वालों को अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट आने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। चिकित्सकों ने रिपोर्ट देखने के बाद परिजनों को बताया कि लड़की गर्भवती है।
लड़की ने किया खुलासा: गर्भवती होने का पता चलने के बाद लड़की ने अपने परिजनों के सामने चौंकाने वाले खुलासे किये। लड़की ने बताया कि अक्सर घर पर आने वाले 16 साल के एक लड़के ने करीब 7 महीने तक उससे शारीरीक संबंध बनाए। लड़की के मुताबिक यह लड़का बहला-फुसलाकर उसका यौन शोषण करता रहा।
पॉक्टो एक्ट के तहत केस दर्ज: लड़की के खुलासे के बाद उसके पिता ने थाने में नाबालिग लड़के खिलाफ केस दर्ज कराया। आरोपी लड़के के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। चूकि आरोपी भी नाबालिग है लिहाजा पुलिस ने सबसे पहले कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया।
आरोपी किशोर के खिलाफ पुलिस जुवेनाइल कानून के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि घरवालों की तहरीर पर इस मामले में रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल लड़की को चिकित्सीय सुविधाएं दी गई हैं।
आपको बता दें कि 29 जून को मध्य प्रदेश के सागर जिले से भी एक ऐसी ही खबर सामने आई थी। यहां 12 साल की एक बच्ची के साथ 15 साल के लड़के ने दुष्कर्म किया था। बताया गया था कि यह बच्ची अपने पशुओं को लेकर खेत में गई थी और उसी वक्त इस लड़के ने उसके साथ जबरदस्ती की थी।
पीड़ित बच्ची की शिकायत पर बाद में आरोपी नाबालिग लड़के को पुलिस ने हिरासत में लिया था तथा विभिन्न धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया गया था।
