Unnao rape case Kuldeep Singh Senger: उत्तर प्रदेश के चर्चित उन्नाव रेप केस से जुड़े एक मामले में अदालत का अहम फैसला आया है। पीड़िता के पिता की न्यायिक हिरासत में हुई मौत के केस में अदालत ने भाजपा (BJP) से निष्कासित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दोषी माना है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने माना है कि रेप पीड़िता के पिता को इतनी बुरी तरह पीटा गया था कि उनकी मौत हो गई है।

बता दें कि उन्‍नाव दुष्कर्म पीड़िता के पिता के शरीर पर 15 से ज्यादा चोट के निशान मिले थे। वहीं, इस मामले के 4 अन्य आरोपियों को बरी भी किया गया है। बता दें कि सेंगर को इससे पहले रेप मामले में उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। 9 अप्रैल, 2018 को पीड़िता के पिता की मौत न्यायिक हिरासत में हुई थी।

पीड़िता की पिता के मौत के मामले में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर समेत कुल 11 आरोपी थे। इनमें से 4 बरी किए गए है। बाकी 7 को कोर्ट ने पीड़िता के पिता की कस्टडी में हुई मौत का दोषी माना है। जानकारी के मुताबिक अदालत अब सजा का ऐलान 12 मार्च को करेगी।

इस मामले को दिल्ली की अदालत में ट्रांसफर किया गया था। जल्दी ही इस मामले में सेंगर की सजा का ऐलान भी होगा। बता दें कि उन्नाव रेप केस में सजा मिलने के बाद कुछ दिनों पहले कुलदीप सिंह सेंगर की विधानसभा सदस्यता भी रद्द हो गई थी।

कुलदीप सिंह सेंगर फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं और उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। कुलदीप सिंह सेंगर पर आरोप है कि उन्होंने साल 2017 में लड़की के साथ रेप किया और वो उस वक्त नाबालिग थी। इस मामले में दुष्कर्म का केस उस वक्त दर्ज हो सका था तब पीड़िता ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक निवास के सामने खुद को आग लगाने की कोशिश की थी।

पुलिस ने अपनी चार्जशीट में कहा था कि जुलाई 2018 में जब पीड़िता के पिता अपने सहयोगियों के साथ अपने गांव लौट रहे थे तब उन्हें शशि प्रताप सिंह नाम के एक युवक ने लिफ्ट देने के लिए कहा था। लेकिन पीड़िता के पिता ने जब लिफ्ट लेने से इनकार कर दिया तब शशि प्रताप ने सेंगर के भाई अतुल समेत अपने कुछ अन्य साथियों को वहां बुलाया और उनकी पिटाई की थी।

इसके बाद पीड़िता के पिता को अस्पताल ले जाने के बजाए उन्हें जेल ले जाया गया था। वो बुरी तरह जख्मी थे और दो दिन बाद पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई। इसके बाद ही पीड़िता ने इंसाफ की खातिर आत्महत्या की कोशिश की थी।

यह भी कहा जाता है कि अतुल सेंगर द्वारा पीड़िता के पिता की पिटाई करने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जब मामले की जांच चल रही थी तब ही रायबरेली में पीड़िता की कार का एक्सीडेंट भी हो गया था और उसे गंभीर चोट आई थी। इस हादसे में परिवार के सदस्य की मौत भी हो गई थी। इस हादसे की साजिश का इल्जाम भी कुलदीप सिंह सेंगर पर लगा है।