कर्नाटक के बेंगलुरु में एक शख्स को लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने और बाद में उनके कीमती सामन लूटकर भाग जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बेंगलुरु के पट्टेगारापल्ली के रहने वाले मिथुन कुमार के रूप में हुई है। टीवी9 की रिपोर्ट के अनुसार मिथुन पहले भोली-भाली लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाता था और फिर शादी करके उन्हें धोखा देता था। आरोपी की टारगेट वैसी लड़कियां होती थीं, जिनके माता-पिता नहीं होते थे।
कीमती सामान लेकर हो जाता था फरार
रिपोर्ट के मुताबिक मिथुन पहले लड़कियों को प्यार-मोहब्बत की जाल में फंसाता था। फिर उनके साथ शादी करते एक अच्छे पति की तरह छह महीने रहता था। जब वो पूरी तरह से लड़की का विश्वास जीत लेता था, तब वो उन्हें धोखा देता था। वो उनकी कीमती सामान और घर में मौजूद गहने लेकर फरार हो जाता था।
शादी की बात करने के लिए बुलाया घर, पीट-पीटकर ले ली युवक की जान, इस बात से नाराज थे लड़की वाले
हाल ही वो पुलिस के हत्थे तब चढ़ा जब उसने एक अन्य युवती के साथ भी ऐसा ही किया। दरअसल, आरोपी छह साल पहले एक युवती से मिला था। लंबे समय तक अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाने के बाद उसने एक साल पहले उस युवती से शादी कर ली। शादी के बाद दोनों चार महीने तक साथ रहे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
पीड़िता ने बताया कि दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। हालांकि, एक दिन मिथुन उस युवती यानी अपनी पत्नी के पैसे और गहने चुराकर भाग गया। ठगी का एहसास होने पर युवती ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और मिथुन को गिरफ्तार कर लिया।
रिकॉर्ड खंगालने पर यह बात सामने आई कि मिथुन का यह पुराना धंधा है। वो पहले भी इसी तरह के एक मामले में सलाखों के पीछे जा चुका है। जांच में पता चला है कि आरोपी बिना माता-पिता वाली भोली-भाली युवतियों को ही निशाना बनाता था और उनसे ठगी करता था। उसके खिलाफ बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन में रेप का भी मामला दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक धोखाधड़ी के एक मामले में वह छह महीने जेल में रहा और जमानत पर रिहा हो गया था। हालांकि, बेल पर बाहर रहने के दौरान दोबारा उसने अपना पुराना धंधा शुरू कर दिया और फिर से सलाखों के पीछे पहुंच गया।