ओडिशा के बालासोर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक विवाहित महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर वैवाहिक कलह को सुलझाने के नाम पर तांत्रिक के साथ यौन संबंध रखने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। इस दौरान करीब 79 दिन तक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया। मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने तांत्रिक व ससुराल पक्ष के लोगों पर जलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दंपति का दो साल का एक बेटा है।

महिला की शिकायत के मुताबिक, तांत्रिक ने उसके साथ 79 दिनों तक कथित तौर पर दुष्कर्म किया। तांत्रिक की पहचान बालासोर के भोगराई ब्लॉक के कखरा गांव के मूल निवासी एसके तारफ के रूप में हुई है, वह मयूरभंज जिले के बैंचडीहा गांव में कथित तौर पर टोना-टोटका करता है। महिला की सास ने इसी तांत्रिक के पास उसे छोड़ दिया था।

प्राथमिकी में, महिला ने बताया कि 2017 में उसकी शादी के बाद से पारिवारिक कलह व सास-ससुर द्वारा किए जाने वाले उत्पीड़न का सामना कर रही थी। इस घटना के बारे में जब उसने अपने पति से को बताया तो उसने महिला की बातों को अनसुना कर दिया। इस घटना से कुछ महीनों पहले ही उसका पति एक दुकान शुरू करने के लिए दूसरे शहर चला गया था।

इसके बाद, महिला की सास उसे तांत्रिक के पास ले गई। जिसने दावा किया कि वह उनके वैवाहिक/पारिवारिक कलह को सुलझा देगा, लेकिन महिला को कुछ दिनों के लिए उसके साथ रहना होगा। महिला ने इस बात का विरोध किया लेकिन उसकी सास ने उसे वहीं छोड़ दिया गया। पीड़िता ने कहा कि उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया था और उसके पास अपने परिवार से संपर्क करने का कोई साधन नहीं था।

28 अप्रैल को पीड़िता ने तांत्रिक का मोबाइल फोन ढूंढ निकाला। पीड़िता ने अपने माता-पिता को अपनी आपबीती के बारे में बताया। उसके माता-पिता ने तुरंत पुलिस को फोन किया, जिसने उसे बचा लिया। बालासोर पुलिस एसपी सुधांशु मिश्रा ने कहा, “जलेश्वर पुलिस स्टेशन में संबंधित आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले में जांच चल रही है।”