दिल्ली के तिलक नगर में स्विस महिला की हत्या कर दी गई थी। दिल्ली पुलिस ने हत्या के आरोप में 33 साल के गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुरप्रीत के घर से छापेमारी में लगभग दो करोड़ रुपए मिले हैं। इसके बाद पुलिस मामले की जांच तस्करी के पहलू से भी कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर आरोपी के खाते में इतने पैसे आए कहां से? इसके लिए दिल्ली पुलिस इनकम टैक्स अधिकारियों की मदद ले रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, 33 साल का गुरप्रीत सिंह जनकपुरी का रहने वाला है। वह 2021 में डेटिंग ऐप के जरिए मृतका नीना बर्जर से मिला। इसके बाद सिंह ने बर्जर पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने शादी के लिए बर्जर को 5-6 बार प्रपोज किया। हालांकि बर्जर ने हर बार उससे शादी करने से इनकार कर दिया। वह उसे डेट करती रही। पुलिस ने कहा कि इसके बाद सिंह को बर्जर पर शक होने लगा। सिंह को लगने लगा कि बर्जर का किसी औऱ से अफेयर है। इसके बाद बर्जर का शव पिछले हफ्ते पश्चिमी दिल्ली के एक स्कूल के पास मिला। मामले में डीसीपी (पश्चिम) विचित्र वीर ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटना स्थल पर 18 अक्टूबर को पगड़ी पहने एक शख्स को देखा गया था। फुटेज में सफेद कार भी देखी गई।

मामले में अधिकारी ने कहा कि हमें वब जंजीर मिली है जिससे महिला का गला घोंटा गया। घटना स्थल से प्लास्टिक बैग और अन्य सबूत भी बरामद किए गए हैं। उसने विदेशी महिला की हत्या क्यों की इसके पीछे की वजहों का पता लगाना मुश्किल है क्योंकि वह हर घंटे अपना बयान बदल रहा है। शुरुआत में उसने महिला और स्विट्जरलैंड जाने के बारे में भी झूठ कहा था। हालांकि हमारे पास सबूत है कि वह कई बार महिला से मिलने वहां गया था। वह महिला से संपर्क में था।

इसी बीच अधिकारियों ने सबूत तलाशने के लिए सिंह के घर पर छापा मारा और लगभग दो करोड़ रूपये बरामद किए। उन रूपयों के बारे में सिंह जवाब नहीं दे सका है। बैंक खातों की जांच से कई करोड़ रूपये सामने आए हैं। वे कहां से आए, इसके बारे में जानकारी नहीं है। ये पैसे नेशनल बैकों में हैं। इन पैसों के बारे में जांच की जा रही है। सिंह ने इन पैसों के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने कहा कि अभी तक मृतका के परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उसके परिवार के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

मानव तस्करी का शक

मामले में अधिकारियों का कहना है कि वे सिंह के फोन की जांच करेंगे। इसके बाद वे सिंह के खिलाफ मानव तस्करी के आरोप जोड़ सकते हैं। मामले की जांच से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, “हमें सिंह की कई महिलाओं के साथ तस्वीरें मिली हैं। वीडियो भी हैं। हमें उसके और महिलाओं के बीच की चैट भी मिली हैं। हमें शक है कि वह दिल्ली-एनसीआर और आस-पास के इलाकों में मानव तस्करी में शामिल था। हालांकि उसने अभी तक कुछ कबूल नहीं किया है लेकिन उसके खिलाफ सबूत हैं।

सिंह की महिला दोस्त की कार का हत्या में इस्तेमाल

सिंह ने 8 अक्टूबर के एक कार खरीदी थी। वह उसके दोस्त के नाम पर रजिस्टर है। पुलिस ने कहा कि उसकी महिला दोस्त से भी पूछताछ की जा रही है क्योंकि जिस कार का इस्तेमाल स्विस की महिला को मारने के लिए किया गया था, वह उसकी ही थी। पुलिस ने कहा कि इस वारदात को प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया। सिंह ने पहले विदेशी महिला को शादी करने के लिए प्रताड़ित किया औऱ जब उसने इनकार कर दिया तो उसकी हत्या कर दी।

Female Constable Case: 2 साल से आरोपी छिपने के लिए कर रहा था ये काम, आखिर चढ़ा Police के हत्थे