उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक शख्स ने गला दबाकर अपनी मां की हत्या कर दी और फिर शव को सूटकेस में लेकर घूमने लगा। वह शव को संगम क्षेत्र में ठिकाने लगाने की फिराक में था कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और महिला के शव को बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस उपायुक्त (नगर) दीपक भूकर ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब दारागंज थाने की पुलिस संगम क्षेत्र में गश्त कर रही थी तो उन्हें सूटकेस लिए एक संदिग्ध शख्स दिखा। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम हिमांशु बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है।
अधिकारी ने बताया कि सूटकेस की जांच करने पर एक महिला का शव मिला। उन्होंने आगे कहा कि इस बारे में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी हिमांशु ने बताया कि शव उसकी मां प्रतिमा देवी (42) का है।
मां के साथ रहता था आरोपी बेटा
पुलिस उपायुक्त ने आगे कहा कि आरोपी हिमांशु हरियाणा के हिसार जिले के आर्य नगर में अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां एक मिल में काम करती थीं। उसने अपनी मां से पांच हजार रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर उसने 13 दिसंबर को गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हिमांशु उसी दिन शाम को शव को सूटकेस में भरकर ट्रेन से प्रयागराज आ गया और संगम क्षेत्र में शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। भूकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हरियाणा पुलिस को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
नोएडा के एक घर में मिला युवक का शव मिला, हत्या की आशंका
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में एक घर से युवक का शव मिला है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह बिसरख थाना क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव की है। मृतक की पहचान मूलरूप से जिला हरदोई निवासी धीरज कुमार (28) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि कुमार इन दिनों रोजा जलालपुर गांव में रह रहा था और सुबह कमरे से उसका शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को शक है कि कुमार की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।