शाहबाद हत्या कांड की हर तरफ चर्चा हो रही है। कुछ लोग सोशल मीडिया पर हैरानी जता रहे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। घटना से इलाके में दहशत है। पुलिस ने साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। वह एसी और फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता है। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसका कहना है कि उसे साक्षी को मारने का कोई पछतावा नहीं है। वह उसे कई दिनों से नजरअंदाज कर रही थी। फिलहाल पुलिस को हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू बरामद नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस ने साहिल के खून से सने कपड़े और मोबाइल बरामद कर लिए हैं।

आरोपी का कहना है कि उसने 15 दिन पहले हरिद्वार से चाकू खरीदा था। साक्षी को मारने के बाद वह रिठाला मेट्रो स्टेशन गया और वहीं पर उसने चाकू फेंक दिया। इसके बाद वह अपनी मौसी के घर गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

असल में शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल ने साक्षी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि साहिल ने साक्षी पर चाकू से तब तक हमला किया जब तक वह मर नहीं गई। इसके बाद उनसे पत्थऱ उठाया और उसके चेहरे औऱ सिर पर वार किया। साक्षी दम तोड़ चुकी थी फिर भी साहिल नहीं रुका उसने दोबारा से पत्थऱ उठाए और साक्षी के सिर को कुचल दिया। पुलिस पूछताछ में उसने कबूल किया है कि वह साक्षी को पहले से जानता था। कुछ दिनों से वह उसे इग्नोर कर रही थी। उसे साक्षी को मारना था इसलिए मार दिया। उसने यह भी कहा कि उसे साक्षी को मारने का कोई पछतावा नहीं है। उसने ऐसा बदला लेने के लिए किया।

तीन दिन पहले से कर रहा था हत्या की प्लानिंग

इस मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि ऐसा नहीं है कि साहिल को अचानक गुस्सा आया और उसने साक्षी को मार दिया। साहिल ने साक्षी को मारने के लिए तीन दिन पहले ही योजना बनाई थी। घटना के बाद एक औऱ सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि साहिल पहले से ही गली में साक्षी का इंतजार कर रहा था। वह साक्षी का पीछा कर रहा था। साक्षी उस रात एक दोस्त के बर्थडे पार्टी में जाने वाली थी। वह जैसे ही पब्लिक टॉयलेट से बाहर आई साहिल ने उसे अपना शिकार बना लिया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि गुरुवार को साहिल औऱ साक्षी के बीच विवाद भी हुआ था।

रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि साहिल वेबसीरीज देखता था। यह जांच की जा रही है कि कहीं इसका कनेक्शन साक्षी के मर्डर से तो नहीं है। फिलहाल पुलिस की स्पेशल टीम कैमरे के सामने साहिल से पूछताछ कर रही है। वहां मनौवैज्ञानिक भी मौजूद हैं। अब देखना है कि इस हत्याकांड में क्या नया मोड़ आता है?