उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवती के साथ हैवानियत की खबर सामने आ रही है। यहां शादी का झांसा देकर पहले आरोपी ने लड़की का दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई तो इंजेक्शन देकर 7 महीने पर जबरन उसका गर्भपात कराया। इसके बाद नवजात बच्ची को जिंदा ही दफन कर दिया गया। मामला सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। यह घटना बरेली के कैंट थाना क्षेत्र का है। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।

दरअसल, पीड़िता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस एक्शन में आ गई और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के आदेश पर नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इस वारदात में आरोपी के परिजन भी शामिल हैं।

नवजात को दफनाया

पीड़िता का कहना है कि शाहरुख नाम के लड़के से उसकी दोस्ती थी। उसने कहा था कि वह उससे शादी करेगा। दोनों की मुलाकात होने लगी। आरोपी उसे अपनी मौसी के घर बुलाता और उसका दुष्कर्म करता। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। उसने शादी का दबाव बनाया मगर आरोपी उसे टालता रहा। इसके बाद 1 अगस्त 2023 को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसके परिजन पीड़िता को अस्पताल ले गए और उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद पीड़िता की नवजात बच्ची को किसी अनजान जगह पर ले जाकर दफना दिया।

पीड़िता ने आगे कहा कि उसे इंजेक्शन देकर तीन दिनों तक बेहोश रखा गया ताकि वह विरोध न कर सके। जब उसे होश आया तो उसने अपनी बच्ची के बारे में पूछा। इसके बाद उसके साथ आरोपियों ने मारपीट की। उसे गाली दी और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़िता इसके बाद मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंची लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एसएसपी के आदेश पर मुख्य आरोपी शाहरुख समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।