राजस्थान में दिनदहाड़े एक महिला को अगवा कर उनके साथ गैंगरेप किये जाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि कुछ बदमाश तमंचे के बल पर उन्हें बीच सड़क से उठा ले गए और फिर उनके साथ इस सामूहिक बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। पुलिसा का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
यह घटना धौलपुर जिले की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 27 साल की इस महिला के साथ 25 जुलाई को इस बेहद ही घिनौने कृत्य को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला अपने घर से पूजा करने के लिए निकली थीं। तब ही बाइक पर सवार होकर आए कुछ युवकों ने ओवर ब्रिज के पास दिनदहाड़े तमंचा दिखाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि यह बदमाश उन्हें लेकर एक खाली प्लॉट में गए और फिर उनके साथ गैंगरेप किया गया। बदमाशों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने महिला को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने किसी को भी यह बात बताई तो वो उन्हें जान से मार डालेंगे।
महिला ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को इस बात की जानकारी दी थी। जिसके बाद परिजनों की मदद से उन्होंने आरोपियों के खिलाफ नजदीकी थाने में केस दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने फिलहाल कुछ संदिग्धों को पकड़ा है और उनसे पूछताछ कर रही है। यहां पुलिस का कहना है कि जल्दी ही मामले में शामिल बदमाशों की पहचान कर उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपको याद दिला दें 25 जुलाई को अलवर जिले में 13 साल की एक नाबालिग लड़की ने भी अपने साथ कथित तौर से सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का आऱोप लगाया था। लड़की ने 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसमें एक निजी स्कूल के प्रबंधक, अध्यापक और कुछ गांव वालों का भी नाम था। नाबालिग ने आरोप लगाया था कि एक साल से यह लोग उसके साथ बलात्कार कर रहे हैं। गंभीर बात यह भी है कि लड़की ने 3 महिला अध्यापकों के ऊपर भी आरोप लगाया था। फिलहाल पुलिस इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।