India Lockdown, Retired Police Officer Raped in Punjab: देश में चल रहे लॉकडाउन के बीच पंजाब के फिरोजपुर जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां 50 साल की एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी ने अपने साथ रेप किये जाने का आरोप लगाया है। इस मामले में सेवानिवृत पुलिस अधिकारी ने थाने में 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। ‘Times Of India’ की खबर के मुताबिक महिला Government Railway Police (GRP) में बतौर सब-इंस्पेक्टर तैनात थीं। महिला असम की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि वो वैष्णो देवी जाने के लिए असम से निकली थीं। लेकिन लॉकडाउन के दौरान वो पंजाब के फिरोजपुर में फंस गईं।
महिला का आरोप है कि बीते 1 मई को दो लोगों ने उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि जिस शेल्टर में वो ठहरी थीं वहीं पर उनके साथ इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया गया। पता चला है कि अपने पति के निधन के बाद महिला को जीआरपी में नौकरी मिली थी जहां से वो सब-इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुई थीं।
रिटायर्ड अधिकारी द्वारा 2 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद अब पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल जीआरपी ने पीड़िता के रहने के लिए शेल्टर उपलब्ध कराया है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन किया गया है। लेकिन लॉकडाउन के दौरान भी ऐसी जघन्य अपराधें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
हाल ही में मध्यप्रदेश से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। राजधानी भोपाल में एक नेत्रहीन बैंक अधिकारी के साथ उनके घर में दुष्कर्म किया गया था। जांच के दौरान पता चला था कि महिला अधिकारी के परिजन लॉकडाउन की वजह से राजस्थान में फंस गए थे। 53 साल की महिला को घर में अकेला पाकर बदमाश ने रात के वक्त उनके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था।
बाद में महिला ने थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी। इस घटना के कुछ ही दिनों बाद एक लड़की ने भी आरोप लगाया था कि बदमाशों ने अस्पताल जाते वक्त उनका अपहरण कर लिया था औऱ फिर एक युवक ने उनके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में भी थाने में केस दर्ज कराया गया था।

