इधर पंजाब में नाबालिग लड़की को किडनैप करने वाले आरोपी की गांव वालों ने जमकर पिटाई कर दी। यह मामला लुधियाना का है। बताया जा रहा है कि Bonkar Gujran गांव में भीड़ ने इस क्रूर इंसाफ को अंजाम दिया है। युवक की पिटाई किये जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। तस्वीरों में नजर आ रहा है कि इस युवक को पेड़ से जकड़ कर बांधा गया है औऱ कई लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। इस मामले में स्थानीय थाने के एसएचओ ने जानकारी दी है कि ‘युवक ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण किया था उसके खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया था। शनिवार को हमें सूचना मिली कि उसे गिरफ्तार करने से पहले गांव वालों ने उसकी पिटाई की है। इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ फिलहाल केस दर्ज किया गया है।’
बताया जा रहा है कि लड़की को अगवा करने के आऱोपी युवक के चेहरे पर कालिख पोती गई और उसे जूते की माला भी पहनाई गई है। इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है उनमें लड़की के चाचा, पड़ोसी औऱ कुछ अन्य अज्ञात गांव वाले शामिल हैं। इस युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में बताया है कि 23 साल के अर्जुन सिंह का एक नाबालिग लड़की से अफेयर चल रहा था। इसी साल जून के महीने में दोनों घर से फरार भी हो गए थे।
इसके बाद लड़की के पिता की तरफ से थाने में केस भी दर्ज कराया गया था। हालांकि इससे पहले की पुलिस उनका पता लगाती लड़की के पिता को इन दोनों का पता चल गया। इसके बाद गुरुवार को दोनों को पकड़ कर गांव में लाया गया। इसके बाद बीच गांव में युवक को एक पेड़ से बांध कर उसके साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया। पुलिस को सूचना देने से पहले उसे जूते की माला पहनाई गई और उसके चेहरे को काले रंग से पोता गया।
पुलिस का कहना है कि युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में केस दर्ज किया गया है। अभी इस मामले की तफ्तीश की जा रही है साथ ही साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मारपीट में औऱ कौन-कौन से लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं औऱ उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया जा सकता है।