History sheeter attacked in sassoon hospital: महाराष्ट्र के पुणे में सोमवार, 5 सितंबर की रात को ससून अस्पताल में भर्ती एक हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोग भी घायल हो गए थे। अब इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासे में बताया है कि यह हमला दो गुटों की गैंगवार (Gang war) का नतीजा था।

गैंगवार के चलते हिस्ट्रीशीटर पर हुआ हमला

पुणे स्थित ससून अस्पताल (Sassoon Hospital) के मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 5 सितंबर की रात को अस्पताल में भर्ती हिस्ट्रीशीटर तुषार हम्बीर पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। पुलिस ने कहा यह हमला दो गुटों के बीच सालों से चली आ रही दुश्मनी और गैंगवार का नतीजा है। इस हमले में पुलिस अब चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पांचवे साथी की तलाश कर रही है।

गोली मारने की थी कोशिश, जाम हुआ हथियार

घटना के संबंध में पुलिस ने यह भी कहा कि संदिग्धों में से एक ने हम्बीर (History sheeter Tushar Hambir) पर गोली चलाने की कोशिश भी की लेकिन ऐन वक्त पर हथियार जाम हो गया। हमले के समय हमलावरों को रोकने की कोशिश में ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल अमोल बागड़ और हम्बीर का बहनोई शुभम रंदाद भी घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच टीमें बनाई गई थी जिसमें सीसीटीवी कैमरों से मिले सुरागों पर काम करते हुए संदिग्धों की पहचान की गई थी।

पुलिस गार्ड सहित दो लोग हुए थे घायल

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे स्थित ससून जनरल अस्पताल (Sassoon General Hospital) में तैनात एक ऑन-ड्यूटी पुलिस गार्ड सहित दो लोग हमलावरों के एक समूह के हमले में घायल हो गए थे। हिस्ट्रीशीटर तुषार हम्बीर का बीते 25 अगस्त से सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पुलिस ने बताया कि पांचों हमलावरों के पास तमंचा, तलवार और अन्य धारदार हथियार थे।

कौन है हिस्ट्रीशीटर तुषार हम्बीर

हिस्ट्रीशीटर तुषार हम्बीर के बारे में पुलिस ने बताया कि वह एक संगठित आपराधिक गिरोह का सदस्य है और कट्टरपंथी संगठन हिंदू राष्ट्र सेना (Hindu Rashtra Sena) से भी जुड़ा है। उस पर अलग-अलग मामलों में शामिल होने का आरोप है। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पांच संदिग्धों ने उस वार्ड में जा घुसे थे, जहां हम्बीर भर्ती था।