दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की शिकायत पर साल 2021 में दर्ज फोन टैपिंग मामले के संबंध में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेष कर्तव्य अधिकारी (OSD) लोकेश शर्मा को पूछताछ के लिए मंगलवार (10 अक्टूबर) को बुलाया है। शर्मा को दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने वाले अंतरिम आदेश के खिलाफ दिल्ली पुलिस की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने से एक दिन पहले तलब किया गया।
राजस्थान सहित पांच राज्यों में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा वाले दिन लोकेश शर्मा को समन
दिल्ली पुलिस की ओर से लोकेश शर्मा को सोमवार को समन भेजा गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार को ही राजस्थान सहित पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। दिल्ली पुलिस ने मार्च 2021 में लोकेश शर्मा के खिलाफ आपराधिक साजिश, आपराधिक विश्वासघात और गैरकानूनी अवरोधन का मामला दर्ज किया था। मामले को रद्द करने की मांग के बाद जून 2021 में हाई कोर्ट ने लोकेश शर्मा के खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम आदेश जारी किया था।
राजस्थान चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में लोकेश शर्मा को टिकट मिलने की उम्मीद
राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस के लोकेश शर्मा को केंद्रीय वार रूम के सह-अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक उनको चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस से टिकट मिलने की भी उम्मीद है। शर्मा इससे पहले चार बार दिल्ली पुलिस के सामने पेश हो चुके हैं। आखिरी बार 20 मार्च को शर्मा से लगभग नौ घंटे तक पूछताछ की गई थी। दिल्ली पुलिस ने साल 2021 में दर्ज मामले के संबंध में मंत्री महेश जोशी को भी तलब किया था।
क्या है 2021 का फोन टैपिंग मामला? लोकेश शर्मा के खिलाफ दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच में FIR
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मार्च 2021 में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में लोकेश शर्मा के खिलाफ फोन टैपिंग का केस दर्ज कराया था। अपनी शिकायत में शेखावत ने आरोप लगाया था कि लोकेश शर्मा ने कथित रूप से तीन ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल की थी। शर्मा ने दावा किया था कि तीनों ऑडियो क्लिप में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की आवाज है। साथ ही शेखावत विधायकों हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर बातें कर रहे थे। लोकेश शर्मा ने एफआईआर रद्द करने की मांग के साथ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।