झारखंड के पलामू से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक पिता ने कथित तौर पर तीन दिन पहले 16 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने बेटी के शव को दफना दिया। अब पुलिस ने कब्र खोदकर बेटी की लाश निकलवाई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने जानकारी दी। पुलिस ने मामले के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं लड़की का पिता अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

तीन दिन पुलिस ने जमीन से निकाली लड़की की लाश

यह घटना रांची से लगभग 175 किलोमीटर दूर चैनपुर पुलिस थाना अंतर्गत सल्टुआ गांव की है। पलामू की पुलिस अधीक्षक रेश्मा रमेसन ने मीडिया को बताया कि शव दो या तीन दिन पुराना लग रहा है। उन्होंने आगे कहा कि शव का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन पुलिस अभी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस से बचने के लिए पिता ने बेटी की लाश को लगाया ठिकाने

वहीं अन्य आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बेटी को घर पर ना पाकर पिता नाराज हो गया। उसने नशे में बेटी को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने बेटी के शव को ठिकाने लगाने के लिए जमीन में गाड़ दिया।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार लोगों ने अपराध के लिए लड़की के पिता को दोषी ठहराया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लॉज में फंदे से लटका मिला युवक का शव

कर्नाटक में मंगलुरु के एक लॉज के कमरे से एक शख्स का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शिमोगा के तीर्थहल्ली के रहने वाले 27 साल के ‘मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव’ अभिषेक के तौर पर हुई है।

मंगलुरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि सूचना के आधार पर शहर के केएस राव मार्ग स्थित एक लॉज के एक कमरे से अभिषेक का शव पुलिस ने बरामद किया। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।