पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते होते हुए अवैध रूप से भारत पहुंची सीमा हैदर की कहानी सभी जानते हैं कि उसने सचिन के लिए सीमा पार की थी। इसी तरह नवंबर 2022 में भी एक पाकिस्तानी शख्स नेपाल के रास्ते होते हुए भारत पहुंचा फिर वह पत्नी और बेटे के साथ हैदराबाद में रहने लगा मगर किसी को कानों कान भनक तक नहीं लगने दी। आरोपी का नाम फैज़ मोहम्मद है। जानकारी के अनुसार, बॉर्डर पार कराने में उसके ससुराल के लोगों ने उसकी मदद की। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उसने पत्नी औऱ बेटे के साथ रहने के लिए सीमा पार की थी। इस मामले में पुलिस ने कहा कि फैज़ मोहम्मद ने शारजाह में काम करने के दौरान हैदराबाद की मूल निवासी नेहा फातिमा से शादी की थी। इसके बाद पत्नी और बेटे के साथ रहने के लिए वह अपने ससुराल वालों की मदद से नेपाल सीमा पार कर गया।

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के रहने वाले 24 साल के शख्स को हैदराबाद पुलिस ने गुरुवार को अवैध रूप से देश में प्रवेश करने और पिछले 10 महीनों से शहर में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक पाकिस्तानी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि फैज़ मोहम्मद ने शारजाह में काम करने के दौरान हैदराबाद की मूल निवासी नेहा फातिमा से शादी की और अपने ससुराल वालों की सहायता से नेपाल सीमा पार कर गया। वह अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ हैदराबाद में रह रहा है।

फैज को गिरफ्तार करने के बाद से पुलिस उसके ससुराल वाले जुबैर शेख और अफजल बेगम की तलाश कर रही है जो फरार हैं। उनके ख़िलाफ़ अतिरिक्त आरोप लगाए गए हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण क्षेत्र) पी साई चैतन्य ने कहा कि फैज़ ने विजिटिंग वीजा पर पाकिस्तान से नेपाल की यात्रा की और फिर नवंबर 2022 में अवैध रूप से नेपाल सीमा पार कर भारत में घुस गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जुबैर शेख और अफजल बेगम ने अधिकारियों के साथ मिलकर पाकिस्तानी शख्स को नेपाल बॉर्डर पार कराया और फिर उसे किशन बाग में एनएम गुडा में घर पर ले आए। तब से वह यहां अवैध रूप से रह रहा है।

एक गलती से पकड़ा गया

इस मामले में डीसीपी ने कहा, “ससुराल वाले फ़ैज़ को माधापुर के आधार कार्यालय में ले गए और जन्म प्रमाण पत्र जमा करके अपने बेटे मोहम्मद गौस के नाम पर उसका नामांकन कराने की कोशिश की।” आरोपी पर अवैध रूप से आधार के लिए नामांकन करके और फातिमा के भाई गौस का रूप धारण करके भारतीय राष्ट्रीयता प्राप्त करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। फ़ैज़ को कमिश्नर टास्क फोर्स के अधिकारियों ने एक गुप्त सूचना पर हिरासत में लिया और बहादुरपुरा पुलिस को सौंप दिया। अधिकारी फैज़ के इतिहास और पिछले साल शहर में उसकी गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं।

कैसे हुई दोनों की मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, फैज़ 2018 से शारजाह में एक कपड़ा कंपनी की सिलाई इकाई में काम कर रहा था। वहां एक साल बाद उसकी मुलाकात नेहा से हुई जो नौकरानी के रूप में वहां काम करती थी। उसने उसे दूसरी कंपनी में दर्जी की नौकरी दिलाने में मदद की। उन्होंने जल्द ही शादी कर ली और अब उनका एक तीन साल का बेटा है। पिछले साल नवंबर में नेहा बीमारी के हैदराबाद लौट आईं और शारजाह वापस नहीं गईं। पुलिस ने कहा कि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहने के लिए बेचैन फैज़ ने भारत की यात्रा की थी।