छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक न्यूज एंकर सलमा सुल्ताना लश्कर लगभग 5 साल पहले गायब हो गई थी। हाल ही में पुलिस ने उसकी हत्या का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या का आरोप उसके लिव इन पार्टनर पर लगाया। पुलिस ने खुलासा किया है कि उसके प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, सलमा की हत्या करने के बाद आरोपी लिव इन पार्टनर ने उसकी लाश को कोरबा में एक पुल के पास दफना दिया था। उसी जगह पर बाद में नेशनल हाइवे का निर्माण किया गया। इसके बाद पुलिस ने सलमा की लाश की तलाश करनी शुरू कर दी। लाश को बरामद करने के लिए 11 घंटे तक ऑपरेशन चलाया गया। जिसके बाद नेशनल हाइवे के नीचे से एक नर कंकाल बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि यह नरकंकाल न्यूज एंकर सलमा का है। हालांकि यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार, मृतक सलमा सुल्ताना लश्कर करीब 30 साल की थी। वह छत्तीसगढ़ में एक लोकल समाचार चैनल की न्यूज एंकर थी। जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2018 में उसके 37 साल के लिव-इन पार्टनर मधु साहू और उसके दो साथियों ने उसकी हत्या कर दी थी। मधु साहू जिम ट्रेनर था। आरोपी ने अपने साथियों की मदद से न्यूज एंकर के शव को एक सुनसान जगह पर दफना दिया था। अब उस जगह पर नेशनल हाइवे बन गया है। सलमा का शव जमीन से आठ मीटर नीचे पाया गया। उसके पैर बंधे हुए थे और कंकाल पर कंबल लिपटा हुआ था।

इस मामले में कोरबा जिले के अधीक्षक, आईपीएस उदय किरण ने कहा कि कंकाल के डीएनए का मृतका की मां और भाई-बहनों के डीएनए से मिलान किया जाएगा। नमूने डीएनए परीक्षण के लिए फोरेंसिक लैब में भेजे जाएंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि कंकाल पीड़िता का है या नहीं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि “ पुलिस टीम उस स्थान के बारे में सही जानकारी चाहती थी जहां सलमा को दफनाया गया था क्योंकि पूरा हाइवे खोदने से भारी नुकसान होता। हमने उस स्थान का पता लगाने के लिए एनआईटी रायपुर द्वारा प्रदान की गई सैटेलाइट इमेज और ग्राउंड पेनिट्रेशन रडार तकनीक का उपयोग किया। उस जगह पर शव को दफनाते समय की गई खुदाई के कारण मिट्टी का जमाव खराब है। हमने यह देखने के लिए Google Earth का भी उपयोग किया। जिससे हमें यह पता लगाने में मदद मिली कि शव पांच मीटर की दूरी पर दफन किया गया था।

2018 में सलमा से हुई थी मुलाकात

जानकारी के अनुसार, 2018 में सलमा की मुलाकात मुख्य आरोपी मधुर से हुई। वह एक जिम का मालिक था और ट्रेनर के रूप में काम करता था। दोनों को प्यार हो गया और वे कोरबा शहर की एक कॉलोनी के एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों को एक-दूसरे के चरित्र पर शक था और पैसों को लेकर भी विवाद था। 21 अक्टूबर 2018 को साहू ने सलमा से लड़ाई की और अपने 29 साल के दोस्त कौशल श्रीवास को फोन किया। एक अधिकारी ने कहा कि साहू ने स्टोल से सलमा का गला घोंट दिया। इस वारदात में कौशल ने उसकी मदद की थी। इसके बाद साहू ने 26 साल के अपने दूसरे दोस्त अतुल शर्मा को फोन किया। अतुल ने कोहड़िया पुल के पास शहर में एक सुनसान जगह पर शव को दफनाने में उनकी मदद की। एक साल बाद इस स्थान पर नेशनल हाइवे बनाने का काम शुरू हुआ। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।