मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां आपसी रंजिश के चलते एक महिला ने अपनी पड़ोसन की डेढ़ साल की बच्ची का कथित रूप से अपहरण कर लिया। आरोप है कि उसने मुंह दबाकर बच्ची की हत्या कर दी। गुरुवार (12 सितंबर) सुबह झाड़ियों के पास बच्ची का शव बरामद किया गया।

आरोपी महिला हुई गिरफ्तार: भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि हर्षिता उर्फ टकू (डेढ़ साल) के अपहरण और उसकी हत्या के मामले में उसकी पड़ोसन अनुषा पाल (40) को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया।

National Hindi News 13 September 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

इसलिए बनाई कत्ल की योजना: पुलिस ने बताया कि हर्षिता की मां मोहिनी मालवीय ने पड़ोस में रहने वाली अनुषा के घर में आने-जाने वाले लोगों का विरोध किया था। इसके बाद दोनों में रंजिश चल रही थी। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते उसने इस बच्ची का कत्ल करने की योजना बनाई।

पूछताछ में कबूला जुर्म: वली ने बताया कि हर्षिता के लापता होने के बाद पुलिस को पड़ोस में रहने वाली अनुषा पर शक हुआ। इसके पुलिस ने पूछताछ की तो उसने कबूल कर लिया कि उसने ही हर्षिता की हत्या की है। पूछताछ के दौरान उसने शव छिपाने की जगह बताई, जहां से पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।

https://youtu.be/pMpTHAeGl_A

वारदात को ऐसे दिया अंजाम: पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने बुधवार दोपहर  इस बच्ची का अपहरण उस वक्त किया, जब वह अपने घर के पास खेल रही थी। इसके बाद बच्ची को बिस्कुट खिलाकर महिला उसे नारायण नगर के पास झाड़ियों में ले गई, जहां उसने बच्ची का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पन्नियों से शव को ढंक दिया।