ऑस्ट्रेलिया में मशरूम खाने के बाद सप्ताह भर के अंदर तीन लोगों की एक-एक करके मौत हो गई। अब इसका आरोप एक महिला पर लगा है। महिला ने ही तीनों लोगों को खाने में मशरूम परोसा था। हालांकि मशरूम खाने वाला चौथा शख्स अभी भी पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। यह घटना विक्टोरिया की है। मरने वाले लोगों ने लंच में जहरीला मशरूम खाया था। माना जा रहा है कि उन्हें ऑस्ट्रेलियाई महिला ने जहरीला मशरूम जानबूझकर खिलाय था। जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने उस महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला का नाम एरिन पैटरसन है। वे 49 साल की हैं। उन्हें सुबह लगभग 8 बजे गिप्सलैंड क्षेत्र स्थित लियोनगाथा में उनके घर से गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। फिलहाल उनके खिलाफ कोई आरोप दर्ज नहीं किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने मेलबोर्न के दक्षिण-पश्चिम में 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित छोटे से शहर लियोंगाथा को सुर्खियों में ला दिया है। हर तरफ इस घटना की चर्चा है।
पुलिस महिला से कर रही पूछताछ
पुलिस ने कहा कि इस साल की शुरुआत में लियोनगाथा में तीन लोगों की मौत मामले में होमिसाइड स्क्वाड के जासूसों ने आज सुबह एक महिला को गिरफ्तार किया है। इसके लिए पुलिस ने डिटेक्टर डॉगी की मदद ली। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जांच जारी है।
महिला ने लंच में खिलाया था मशरूम
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला पैटरसन ने 29 जुलाई की दोपहर को अपने अलग रह रहे सास-ससुर और पादरी और उनकी पत्नी को लंच में मशरूम खिलाया था। उसी रात दोनों कपल को फूड प्वाइजनिंग के लक्षणों के साथ अस्पताल ले जाया गया था। उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ रही थी। इलाज के दौरान एक सप्ताह के भीतर ही उनमे से तीन की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि उनकी मौत जहरीले मशरूम खाने के कारण हुई थी। उनमे से सिर्फ 69 साल के पादरी की जान बच सकी। वे अस्पताल में दो महीने रहने के बाद 23 सितंबर को डिस्चार्ज हो सके।
पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने पैटरसन को आरोपी बनाया। पैटरसन एक न्यूजपेपर की संपादक हैं। हालांकि पैटरसन ने हमेशा की तरह यही कहा कि वे निर्दोष हैं। कथित तौर पर अगस्त में पैटरसन ने कहा था कि उनसे अनजाने में एक दुकान से मशरूम खरीदे थे। यह अनजाने में हुआ। हालांकि पुलिस मान रही है कि पैटरसन ने ऐसा जानबूझकर किया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।