Crime In Capital: प्रीत विहार थाना क्षेत्र में एक कारोबारी की जिम में घुसकर गोलीमार कर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम को घटी। मृतक की पहचान महेंद्र अग्रवाल (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने महेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। शुरुआती छानबीन के आधार पर माना जा रहा है कि आपसी रंजिश की वजह से घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।

हथियारों से लैस तीन बदमाश आए थे

महेंद्र अग्रवाल, प्रीत विहार में स्थित एनर्जी जिम और स्पा के नाम से चल रहे जिम सेंटर में बैठे थे। उनका जिम और स्पा के अलावा जिम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण का भी कारोबार है। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे वह जिम के ऊपर बने पहली मंजिल पर अपने दफ्तर में बैठे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस तीन बदमाश वहां दाखिल हुए।

हत्या करने के बाद बदमाश DVR भी उठा ले गये

इससे पहले महेंद्र कुछ समझ पाते बदमाशों ने एक के बाद एक कर उन पर तीन गोलियां दाग दी। एक गोली महेंद्र के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार होने से पहले अपने साथ डीवीआर भी ले गए। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम पहुंच गई। टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाएं। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

गाजियाबाद में बुजुर्ग की हत्या में एक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में शुक्रवार को 60 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को तड़के कुछ हमलावरों ने मांगेराम (60) नामक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से अंधाधुंध वार कर दिया, सुबह करीब सात बजे उनके परिजनों को घटना की जानकारी हुई। लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश उपाध्याय ने बताया कि घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे ने विकास नगर में रहने वाले सुनील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस ने कहा कि मांगेराम विकास नगर में एक किराने की दुकान चलाता था और वह अपने घर के बाहर सोता था। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार सुनील की पत्नी के साथ कपिल (मृतक मांगेराम के तीसरे पुत्र) के कथित रूप से अवैध संबंध थे। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले सुनील की पत्नी बेटी को लेकर साथ कपिल के साथ किसी अज्ञात स्थान पर चली गयी थी, और 20 दिसंबर को लौटी थी। उन्होंने बताया कि उस समय कपिल के माता-पिता ने उसे पंचायत के समक्ष सुनील को सौंप दिया था।