मुंबई पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली हैं। पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है जिस पर अब तक 56 से अधिक मामले दर्ज हैं। दरअसल, करीब दो साल पहले एक आरोपी ने बुजुर्ग महिला से लूटपाट की थी। 28 साल के आरोपी ने घटना को तब अंजाम दिया जब 60 साल की महिला मंदिर जा रही थीं। आरोपी ने उनसे करीब दो लाख के गहने लूट लिए थे। कड़ी मशक्कत के बाद अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक आदतन अपराधी है। जिस पर 56 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे।

अपराधी फैजल अली उर्फ ​​अलीमामा यूसुफ अली शेख हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान घाटकोपर के रहने वाले फैजल अली उर्फ ​​अलीमामा यूसुफ अली शेख के रूप में की। आरोपी के खिलाफ पांच प्रोडक्शन वारंट और चार गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इस मामले में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि 3 अप्रैल, 2022 को सुबह करीब 8.10 बजे शेख और उसके साथी ने अंधेरी में एक 60 साल की महिला को लूट लिया था।

पुलिस ने शेख के साथी को गिरफ्तार कर लिया था मगर वह भागने में कामयाब रहा था

अधिकारी ने आगे कहा कि शिकायतकर्ता उस वक्त मंदिर जा रही थीं। उसी वक्त रास्ते में शेख ने अपने साथी के साथ मिलकर उनका 11 ग्राम वजन का मंगलसूत्र और 13 ग्राम सोने की चेन छीन ली और मौके से भाग गया। आरोपी के खिलाफ एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन शेख का पता नहीं लग पाया था। पुलिस तभी से शेख की तलाश कर रही थी।

पुलिस ने दो सालों तक उस पर रखी नजर

इसके बाद पुलिस ने शेख के घर का पता लगाने के लिए मुखबिरों से इनपुट और कॉल डेटा रिकॉर्ड से जानकारी इकट्ठी की। पुलिस ने कई दिनों तक नजर रखी और सोमवार को जब वह अपने घर पहुंचा तो शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आगे कहा कि उसने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया है।

56 से अधिक मामले हैं दर्ज

इस बारे में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमें पता चला कि उस पर 56 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं क्योंकि उसने मुंबई और ठाणे जिलों में अपराध किए हैं। इतना ही नहीं ठाणे की नारपोली पुलिस ने शेख पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया था। शेख पर डकैती के आरोप में अदालत में पेश किया गया और उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।