मुंबई से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक 44 साल के एक शख्स ने 25 साल की प्रेमिका का ब्लेड से गला काट दिया। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वह गुस्से में था और इसी कारण उसने महिला की हत्या कर दी। मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला ने शख्स से शादी करने से इनकार कर दिया था और उसका अपमान किया था। घटना मंगलवार को दोपहर में कालाचौकी इलाके में महिला के घर पर हुई। अधिकारी ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है।
आरोपी 44 साल का ड्राइवर है
मामले में अधिकारी ने बताया कि 44 साल का आरोपी ड्राइवर है और वह कालाचौकी इलाके के परशुराम नगर में रहता है। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि महिला अपने दो भाइयों के साथ इसी मोहल्ले में रहती है। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी के एक साल से महिला के साथ रिलेशनशिप में था। वह महिला से शादी करना चाहता था लेकिन महिला उससे शादी करने के लिए मना कर रही थी।
ब्लेड से गला काट दिया
पुलिस ने आगे बताया कि सोमवार की रात दोनों के बीच कुछ बहस हुई। इसी दौरान महिला ने कुछ लोगों के सामने उसका अपमान किया। इसके बाद मंगलवार को दोपहर में आरोपी महिला के घर में घुस गया और ब्लेड से उसका गला कथित तौर पर काट दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर कुछ पड़ोसी उसके घर पहुंचे लेकिन आरोपी तब तक भाग निकला।
अधिकारी ने आगे बताया कि महिला को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अभी तक बेहोश है। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई और मंगलवार रात उसे परशुराम नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।