मुंबई से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के कुर्ला में एक चार साल के बच्चे की मौत उसकी मां के प्रेमी द्वारा पेट में लात मारने से हो गई। आरोपी प्रेमी बच्चे के पैंट में पेशाब करने से खफा हो गया था। घटना के समय ओमकार (बच्चे) की मां पूजा कुमारी चंद्रवंशी काम पर गई हुई थी। फिलहाल पूरे मामले में नेहरू नगर पुलिस ने कैंटीन में काम करने वाले रितेश कुमार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
घटना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पूजा जो एक स्थानीय रेस्टोरेंट में कुक के तौर पर काम करती है 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे काम पर निकली थी। उसने अपने दो बच्चों, 6 साल की साक्षी और 4 साल के ओमकार को कुर्ला ईस्ट के पतरा चॉल स्थित अपने घर पर छोड़ दिया था।
पूजा जब दोपहर 3 बजे के आसपास घर लौटी, तो उसके बेटे ने पेट में तेज दर्द की बात कही। उसने बताया कि उसे उल्टी भी हुई है। ओमकार ने अपनी मां को बताया कि वो दोस्तों के साथ खेल रहा था और गलती से अपनी पैंट में पेशाब कर दिया था, इसलिए वो कपड़े बदलने के लिए घर आया था। उसी समय रितेश गुस्सा हो गया और उसने उसे पेट और पैरों पर कई बार लात से मारा।
ऐसे में पूजा और एक पड़ोसी ने रितेश से पूछा कि उसने बच्चे को इतनी बेरहमी से क्यों पीटा। लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया और घर छोड़कर चला गया। इसके बाद पूजा अपने बेटे को शुरुआती इलाज के लिए पास के एक क्लिनिक में ले गई।
हालांकि, जब उसकी हालत बिगड़ गई, तो वो उसे सायन अस्पताल ले गई। बाद में अस्पताल में ओमकार की मौत हो गई। ऐसे में उसने नेहरू नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, पूजा कुमारी के दो बच्चे हैं और उसका पति बिहार में रहता है। इस साल मई में उसे आरोपी से प्यार हो गया और वह नेहरू नगर झुग्गियों में किराए के मकान में उसके साथ रहने लगी थी।