भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को बीते दिनों दाऊद गैंग से जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद टीटी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अब इस मामले में मिर्ची बाबा ने बयान देते हुए कहा कि जिनके हाथ खुद खून से सने हुए हैं उनको कौन मारेगा, मिर्ची बाबा यहीं नहीं रुके उन्होंने साध्वी प्रज्ञा को पाखंडी तक बता दिया।

बता दें कि शुक्रवार रात (17 जून) को सांसद साध्वी प्रज्ञा को धमकी मिली थी। जिसके बाद इस संदर्भ में शिकायत दर्ज कराई गई थी। ऐसे में अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले मिर्ची बाबा ने साध्वी प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे बड़ी बात तो प्रज्ञा सिंह ठाकुर किसी अखाड़े से जुड़ी हुई नहीं हैं। इसलिए उन्हें साध्वी की उपाधि नहीं लगानी चाहिए।

मिर्ची बाबा ने कहा कि इनकी पार्टी के नेता हर समय लोगों को पाकिस्तान भेजते रहते हैं। यदि प्रज्ञा सिंह ठाकुर को इस देश में इतना ही डर लग रहा है तो क्यों नहीं पाकिस्तान चली जाती। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मिर्ची बाबा कुछ पत्रकारों से बात करते दिखाई दे रहे हैं। जिसमें उन्होंने साध्वी प्रज्ञा को धमकी मिलने के सवाल पर भी तंज कसा है।

साध्वी प्रज्ञा धमकी मामले पर मिर्ची बाबा बोले कि ‘जिनके हाथ खुद खून से सने हुए हैं उनको कौन मारेगा’, साथ ही सवाल उठाया कि साध्वी प्रज्ञा पाखंड कर रही हैं। साध्वी प्रज्ञा को उनके ही किसी आदमी ने फोन किया होगा, क्योंकि धमकी का वीडियो भी बन गया और आदमी भी नहीं पकड़ा गया। मैं तो पहले से ही कहता चला आ रहा हूं कि यह मास्टरमाइंड हैं।

साध्वी प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए मिर्ची बाबा यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि मैं स्वयं पंचायती निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर हूं, लेकिन प्रज्ञा सिंह ठाकुर किस अखाड़े से जुड़ी हुई हैं? ऐसे में वह साध्वी लगाना बंद करें और पाखंड न फैलाएं। मिर्ची बाबा ने साध्वी प्रज्ञा की व्हीलचेयर को लेकर भी व्यंग्य मारा और कहा कि जब भी कोर्ट में तारीख आती है तो व्हीलचेअर में बैठकर जाती हैं। बाकी समय फ़ुटबाल खेलते नजर आती हैं, यह पाखंड नहीं है तो क्या है?