उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से दिल को दुखाने वाली खबर सामने आ रही है। यहां कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 साल की विवाहित महिला का शव उसके ससुराल में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पुलिस ने दी। मृतका के परिजन ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मृतका की मां का कहना है कि ससुराल के लोग बेटी को दहेज के लिए परेशान करते थे। वे उसका उत्पीड़न करते थे।

पुलिस ने मामले में क्या कहा?

मामले में कैपियरगंज के थाना प्रभारी (एसएचओ) राजकुमार अरोड़ा ने बुधवार को बताया, “ज्योति देवी नाम की महिला को सोमवार रात उसके ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। हमने मंगलवार रात को ससुराल वालों के खिलाफ इस संबंध में मामला दर्ज किया है।”

आठ महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक, ‘‘ज्योति की शादी आठ महीने पहले मनीष नाम के शख्स से हुई थी, उसका शव एक कमरे के अंदर छत पर फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’’ पीड़िता की मां से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति और ससुराल के तीन अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के संबंध में एफआईआर दर्ज की है।

दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे ससुराल वाले

मृतका की मां ने पुलिस शिकायत में आरोप लगाया है कि ज्योति को उसके पति और ससुराल वाले दहेज के लिए लगातार परेशान कर रहे थे, जिसके बाद उनकी बेटी की यह हालत हुई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

नोट: आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। अगर आपके या किसी परिचित के मन में खुदकुशी का ख्याल आता है तो यह बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है। ऐसी स्थिति में आप भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। इसके अलावा आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं। यहां आपकी पहचान और हर जानकारी गोपनीय रखी जाती है। विशेषज्ञों की देखरेख में आपको उचित समाधान दिया जाता है।