महाराष्ट्र के ठाणे में एक शख्स ने लड़की को इतना परेशान किया कि वह बीमार पड़ गई। शख्स पिछले कई महीनों से पीड़िता को परेशान कर रहा था मगर घरवालों को इस बारे में खबर नहीं थी। वह डर के मारे किसी को कुछ बता नहीं पा रही थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की बीमार रहने लगी। इसके बाद उसने इस बारे में परिजन को बताया। जिसके बाद आऱोपी शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।

दरअसल, ठाणे में नाबालिग लड़की को परेशान करने, उसका पीछा करने के आरोप में एक शख्स खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी। यहां श्रीनगर थाने के अधिकारी ने दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि वागले एस्टेट इलाके की रहने वाली लड़की ने कुछ महीने पहले अपनी मां के मोबाइल के जरिए सोशल मीडिया पर अपना एक अकाउंट खोला। उसने आरोपी की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। दोनों ने मैसेज के जरिए एक-दूसरे से बातचीत की।

करने लगा पीछा, गलत तरीक से छुआ और निर्वस्त्र तस्वीरें भेंजी

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर कई बार लड़की का पीछा किया और उससे कहा कि वह 18 साल की हो जाने के बाद उससे शादी करेगा। उसने कथित तौर पर उसे गलत तरीके से छुआ भी। जब लड़की ने उसकी हरकतों का जवाब नहीं दिया तो उसने ब्लेड से अपनी कलाई काट ली। उन्होंने बताया कि आरोपी ने बाद में लड़की को अपनी निर्वस्त्र तस्वीरें भी भेजीं। पुलिस ने कहा कि लगातार उत्पीड़न के कारण लड़की कई बार बीमार पड़ गई।

पुलिस ने कहा कि उसने रविवार को एक शिकायत के साथ पुलिस से संपर्क किया। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 डी (पीछा करना) और 366 ए (नाबालिग लड़की की खरीद) के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में आगे की जांच की जा रही है।