पंजाब के खन्ना से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने 4 साल के बच्चे की बलि दी और फिर उसका खून पी गया। वह सिद्धि हासिल कर दुनिया का सबसे ताकतवर इंसान बनना चाहता था। उसने यह सब एक तांत्रिक के कहने पर किया। सोमवार की रात सोते समय वह पड़ोसी के बच्चे को उठा ले गया और फिर घर ले जाकर उसका गला काट दिया। पुलिस ने खून से लथपथ बच्चे के शव को बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तांत्रिक की तलाश की जा रही है। यह घटना सिटी खन्ना थाना क्षेत्र की है। तंत्र-मंत्र के चक्कर में मासूम की हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग दहशत में हैं। हर कोई इस अंधविश्वास की घटना पर हैरानी जता रहा है।

मामले की जानकारी परिजन को मंगलवार को हुई। उन्हें घर में बच्चा नहीं मिला। उन्होंने उसकी तलाश की। आखिरकार वे पुलिस स्टेशन गए। पुलिस मामले की जानकारी होने के 4 घंटे बाद बच्चे के शव को बरामद कर लिया। आऱोपी गिरफ्तार हो गया है हालांकि तांत्रिक फरार चल रहा है। आरोपी की पहचान अरविंदर कुमार के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, वह दुनिया का सबसे ताकतवर इंसान बनना चाहता था। वह अमर होना चाहता था। इसलिए वह सिद्धियां हासिल करना चाहता था।

तांत्रिक से किया था संपर्क

पूछताछ में आरोपी ने कहा कि सिद्धियां हासिल करने के लिए उसने तांत्रिक से संपर्क किया था। तांत्रिक ने ही उससे कहा था कि ये सिद्धियां नरबलि से ही मिल सकती हैं। तांत्रिक ने उसे नरबलि की विधि बताई थी। इसके बाद आरोपी ने बच्चे की बलि दी। पुलिस ने आऱोपी के निशानदेही पर बच्चे के खून से सने कपड़े, चाकू औऱ तंत्र-मंत्र का सामान बरामद किया है।

खन्ना के एसएसपी अमनीत कौंडल ने क्या कहा

मामले में खन्ना के एसएसपी अमनीत कौंडल ने कहा कि 4 साल का बच्चा अपने घर में सो रहा था। उसके पास घर के और बच्चे भी सो रहे थे। आधी रात को आरोपी आया औऱ चुपके से सोते हुए बच्चे को उठा ले गया। सुबह जगने पर परिजन को बच्चा नहीं मिला। परिजन ने बच्चे को तलाशा मगर जब वह कहीं नहीं मिला तो पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने बच्चे के शव को 4 घंटे बाद बरामद किया। आरोपी के बताए गए निशादेही पर तांत्रिक की तलाश की जा रही है। जल्दी ही तांत्रिक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।