Bihar CM Nitish Kumar: लॉकडाउन के बीच एक बड़ी खबर बिहार से आई है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हत्या करने वाले को 25 लाख रुपये इनाम देने का ऐलान किया गया है। दरअसल एक युवक ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में यह युवक नीतीश कुमार की हत्या करने वाले को 25 लाख रुपये देने का ऐलान करता सुनाई दे रहा है। इस युवक ने अपने फेसबुक पोस्ट में नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस युवक का नाम धर्मेन्द्र कुमार पांडे है। धर्मेंद्र बिहार के रोतहास जिले के सासाराम का रहने वाला बताया जा रहा है। इस युवक ने पंजाब के लुधियाना से यह वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
पुलिस की भी नजर इस वीडियो पर पड़ी। पुलिस ने तुरंत इस वीडियो की जांच-पड़ताल शुरू की। ‘NDTV’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में पुलिस अधिकारी सियाराम सिंह ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया है कि यह युवक टोडा गांव का रहने वाला है।
मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘वीडियो सामने आने के बाद हमने मोबाइल नंबर की जांच की। इसके बाद युवक के द्वारा फेसबुक पर शेयर किए गए कुछ अन्य वीडियो की जांच-पड़ताल कर हमें उसके लोकेशन का पता चल गया। युवक को लुधियाना से ट्रेस किया गया है।
इस मामले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। रोहतास के पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि ‘जांच में पंजाब पुलिस को पता चला है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।’ युवक के पिता का नाम रामसुरेश पांडे बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। फेसबुक पर की गई टिप्पणी को देखते हुए युवक पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि अभी पुलिस को उसके मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है। आपको बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से इस वक्त देश में लॉकडाउन है।
केंद्र तथा सभी राज्य की सरकारें इस वक्त अपने-अपने राज्य में इस महामारी के खिलाफ संघर्ष में जुटी हुई हैं। बिहार में भी इस संक्रमण ने कहर बरपाया है।
