इधर महाराष्ट्र में होमगार्ड के एक जवान की बेटी को डंडे से पीटने का मामला सामने आया है। 19 साल की इस लड़की की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसके साथ खड़ी एक अन्य महिला इस लड़की की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। लड़की जमीन पर गिरी हुई है और वो व्यक्ति लड़की पर लगातार डंडे बरसा रहे हैं।

वीडियो में नजर आ रहा है कि महिला लड़की बाल पकड़ कर उसे खींचती हैं। इसके बाद वो व्यक्ति भी लड़की के साथ ऐसा ही सलूक करते हैं और फिर उसकी खूब पिटाई की जाती है। वीडियो में पीड़ित लड़की चीखें भी सुनाई दे रही हैं। वीडियो के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक यह वीडियो महाराष्ट्र के वाशिम जिले का है। लड़की की पिटाई कर रहे व्यक्ति के बारे में पता चला है कि वो एक रिटायर्ड असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हैं।

यह भी जानकारी सामने आई है कि पीड़ित लड़की की मां होमगार्ड की जवान हैं। यह लड़की रिटायर्ड ASI के घर किराये पर रहती थी। किराया नहीं चुका पाने की वजह से पिछले काफी दिनों से मकान मालिक और लड़की के बीच बहस चल रही थी। मकान मालिक ने एक बार लड़की का सामान उठाकर घर के बाहर भी फेंक दिया था।

हालांकि बाद में पुलिस की निगरानी में सारे सामान दोबारा घर के अंदर रखवाए गए थे। मिली जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर ने लड़की को कई बार मकान खाली करने के लिए कहा था  लेकिन मकान खाली नहीं करने की वजह से उनकी पिटाई की गई है।

अभी हाल ही में रिटायर्ड एएसआई ने इस लड़की की पिटाई कर दी है। वायरल वीडियो में थोड़ी देर के बाद एक अन्य महिला भी नजर आ रही हैं। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि सरेआम इस लड़की की पिटाई की जाती है और कोई भी उन्हें बचाने नहीं आता है। बहरहाल इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।