Nashik Gangrape: महाराष्ट्र के नासिक से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि शहर में एक 18 वर्षीय किशोरी के साथ उसके जेठ और दो और लोगों ने उसके जेल में बंद पति की जमानत के लिए गारंटर का इंतजाम करने के बहाने कथित तौर पर गैंगरेप किया।
दरिंदों के चंगुल से भागने में सफल रही पीड़िता
पुलिस ने बताया कि घटना 22 जनवरी को सुबह 10 बजे से 23 जनवरी को शाम 5 बजे के बीच शहर के पंचवटी इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि 31 घंटे तक चली इस दरिंदगी के दौरान आरोपियों ने उसकी पिटाई भी की, जिससे वो कई बार बेहोश हो गई, लेकिन वह किसी तरह उनके चंगुल से भागने में सफल रही।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़िता का जेठ फरार है। उन्होंने बताया कि इस घटना में दो और लोगों के शामिल होने का संदेह है।
यह भी पढ़ें – लापता नाबालिग की खेत में दफन नग्न लाश बरामद, परिजनों ने गैंगरेप के बाद हत्या की जताई आशंका
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसकी शादी कुछ महीने पहले हुई थी और चूंकि वो उस समय नाबालिग थी, इसलिए उसके परिवार के सदस्यों ने उसके पति के खिलाफ मुंबई के अंधेरी के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और वो फिलहाल मुंबई की जेल में है।
जमानत कराने की बात कह कर पीड़िता को बुलाया
हालांकि, हाल ही में उसके जेठ ने उसे नासिक बुलाया, जहां वह रहता है। उसने उसके पति की जमानत और जेल से रिहाई के लिए गारंटर की व्यवस्था करने का बहाना बनाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वो बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे नासिक पहुंची। उसके जेठ और अन्य आरोपी उसे उसके पति के गारंटर से मिलाने के बहाने पंचवटी इलाके में खुले मैदान में ले गए।
उन्होंने उसे खाना भी दिया, लेकिन जब उसने खाना लेने से इनकार कर दिया तो उन्होंने उसे एक पेड़ से बांध दिया। शिकायत में कहा गया है कि दोपहर करीब 1.30 बजे उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उनमें से एक ने उसके साथ रेप किया, जिससे वो बेहोश हो गई। गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे जब उसे होश आया तो उसे बात करने और चलने में दिक्कत हो रही थी। उसने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे फिर से पीटा, जिससे वह एक बार फिर बेहोश हो गई।
यह भी पढ़ें – रेप पीड़िता ने परिजनों के ‘डर’ से प्राइवेट पार्ट में डाल लिए पत्थर-ब्लेड, सच्चाई सामने आने पर पुलिस भी रह गई सन्न
दरिंदगी उस दिन शाम 5 बजे तक जारी रहा। अपनी शिकायत में उसने ये भी कहा कि जब तीनों शराब पी रहे थे, तो पीड़िता ने उनसे कहा कि वो शौच के लिए जाना चाहती है। उन्होंने उसे जाने दिया, लेकिन एक आरोपी को उसके साथ जाने को कहा ताकि वो भाग न जाए। हालांकि, उसने उसे धक्का दिया और भाग गई। वो शहर के नासिक रोड उपनगर पहुंची और गुरुवार देर रात पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दो गिरफ्तार, बाकियों की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों अमित विजय दामले और गोपाल राजेंद्र नागोलकर, जिनकी उम्र 25 वर्ष है, को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके जेठ की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि अपराध में दो और लोगों के शामिल होने का शक है, जिनमें से एक गोप्या है, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष है और दूसरा अज्ञात है।
नासिक रोड पुलिस ने मामला दर्ज कर पंचवटी पुलिस थाने को ट्रांस्फर कर दिया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70 (1) (सामूहिक बलात्कार), 64 (बलात्कार), 69 (धोखे से यौन संबंध बनाना), 74 (महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया।