महाराष्ट्र के रायगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक महिला ने कथित तौर पर अपने छह बच्चों को कुएं में फेंक दिया। कुएं में फेंकी गई पांच लड़कियों सहित छह बच्चों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया है कि महिला पर हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि घटना महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड़ में हुई है, जहां एक महिला का अपने पति के शराब पीने के चलते झगड़ा हो गया था। सोमवार को घर में झगड़े के बाद गुस्से महिला ने कथित तौर पर अपने छह बच्चों को कुएं में फेंक दिया, जिसमें पांच लड़कियों सहित छह बच्चों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी पुलिस ने मंगलवार (31 मई) को साझा की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय रूना चिखुरी साहनी अपने बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद कथित तौर पर खुद भी कूदने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, आसपास के लोगों की नजर पड़ने के बाद उसे रोक लिया गया। लेकिन जब तक लोग कुएं तक पहुंचें उसके सभी बच्चे डूब चुके थे। महिला के इन बच्चों की उम्र 18 महीने से 10 साल के बीच थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अशोक दुधे के अनुसार, घटना मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर महाड़ के एक गांव में सोमवार दोपहर को घटी थी। महिला का परिवार उत्तर प्रदेश से है और नौकरी की तलाश में महाराष्ट्र आया था। पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर शराब पीने को लेकर अपने पति से बहस के बाद महिला ने गुस्से में यह कदम उठाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दुधे के मुताबिक, रूना चिखुरी साहनी नाम की महिला अपने पति की शराब पीने की आदत से तंग आ चुकी थी और इस बात को लेकर पहले भी झगड़ा हो चुका था। इस घटना में महिला पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था। उन्होंने बताया है कि गांव वालों ने महिला के बच्चों को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन वे असफल रहे थे। बाद में, महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।