महाराष्ट्र के पुणे में एक 24 वर्षीय महिला से शादी का झूठा वादा कर बलात्कार करने और कथित रूप से जबरन गर्भपात कराने के आरोप में शिवसेना के उप नेता रघुनाथ कुचिक के खिलाफ पुणे सिटी पुलिस के शिवाजीनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
शिवसेना के नेता रघुनाथ कुचिक पर शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने (कुचिक) शादी का झूठा वादा कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया है कि कुचिक ने साल 2020 के अंत से साल 2021 की शुरुआत के बीच अलग-अलग जगहों पर कई बार उसके साथ बलात्कार किया।
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, रघुनाथ कुचिक ने ट्विटर प्रोफाइल में खुद को शिवसेना का उप नेता, भारतीय कामगार सेना का महासचिव और प्रदेश सरकार न्यूनतम मजदूरी सलाहकार समिति (MWAC) का अध्यक्ष बताया है। जो कि एक प्रकार से राज्य मंत्री का पद है। बता दें कि, भारतीय कामगार सेना एक शिवसेना समर्थित ट्रेड यूनियन है।
मामले में जानकारी देते हुए वरिष्ठ निरीक्षक अनीता मोरे ने बताया कि, रघुनाथ कुचिक पर शादी का झूठा वादा कर महिला के साथ बलात्कार करने और बाद में उसकी सहमति के खिलाफ गर्भपात कराने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही कुचिक की गिरफ्तारी पर सवाल पूछे जाने पर वरिष्ठ निरीक्षक मोरे ने कहा कि, उसके लिए भी टीम तैयार कर भेजी जा रही है।
मामले पर एक अधिकारी ने बताया कि कुचिक की सोशल के जरिए महिला से दोस्ती हुई थी। शिकायत के मुताबिक, कुचिक ने शादी का झूठा वादा कर महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया और जब महिला गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया गया। वहीं, मामले पर कुचिक ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए दावा किया है कि उसे हनी-ट्रैप कर मामले में फंसाया गया है।
महिला द्वारा दर्ज शिकायत मामले में शिवसेना के उप नेता रघुनाथ कुचिक के खिलाफ पुणे सिटी पुलिस के शिवाजीनगर थाने में आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार), 313 (महिला की सहमति के बिना गर्भपात) व 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।