महाराष्ट्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपनी प्रेमिका को जिंदा जलाने गया प्रेमी खुद ही जल कर मर गया। मामला मुंबई के जोगेश्वरी इलाके का है। बताया जा रहा है कि पीड़ित लड़की और उसका प्रेमी विजय एक दूसरे को पिछले ढाई साल से जानते थे। विजय अपनी प्रेमिका से किसी भी सूरत में शादी करना चाहता था। हालांकि लड़की के घरवाले विजय को पसंद नहीं करते थे। घरवालों की बात मान कर लड़की ने भी विजय से शादी से इनकार कर दिया था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बावजूद इसके बाद भी विजय और उसका परिवार लड़की पर शादी करने का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर विजय और उसकी प्रेमिका के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था। इतना ही नहीं कुछ ही दिन पहले लड़की ने फिनॉयल पी कर जान देने की कोशिश भी की थी।
7 फरवरी की रात जब विजय अपनी 28 साल की प्रेमिका के घर पहुंचा। उस वक्त लड़की घर पर अकेली थी। विजय ने मौका पाकर लड़की पर डीजल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। आग में झुलसी लड़की किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान उसने अपने प्रेमी को पकड़ लिया। जल्दी ही विजय भी आग की लपटों की चपेट में आ गया।
यह भयानक मंजर देख कर पड़ोसी हैरान रह गए। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों ही 80 फीसदी जल चुके थे। इलाज के दौरान विजय की मौत हो गई जबकि लड़की अभी भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

