मुंबई के कालांबोली इलाके में शुक्रवार को एक छात्र ने घर वालों से नाराज होकर स्कूल के वॉशरूम में खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। इससे वह बुरी तरह जल गया। स्कूल के स्टाफ को जब इसकी जानकारी हुई तो वे उसे नेशनल बर्न सेंटर ले गए। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। छात्र के इस तरह के कदम उठाने से स्कूल प्रशासन भी हैरान है।

Hindi News Today, 15 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पिता ट्रैफिक पुलिस में सिपाही हैं : नवी मुंबई के कलम्बोली क्षेत्र के अमरदीप सोसायटी में रहने वाले दीपक यादव का बेटा 17 वर्षीय शिवम यादव 11 वीं का छात्र है। वह वहीं के न्यू सुधागढ़ हाईस्कूल में पढ़ाई करता है। पुलिस के मुताबिक वह कई दिन से एक बाइक खरीदने के लिए अपने पिता से जिद कर रहा था। इसको लेकर उसकी पिता से बहस भी हुई थी। आशंका है कि इसी से नाराज होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। शिवम के पिता दीपक वर्तमान में मुंबई के नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में ट्रैफिक पुलिस के सिपाही हैं।

आवाज सुनकर पहुंचे स्कूल स्टाफ ने उसे बाहर निकाला : शुक्रवार को शिवम घर से सीधे स्कूल गया और वहां के वॉशरूम में खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। जब वह जलने लगा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर स्कूल के कर्मचारी दौड़े और उसको बाहर निकालकर तुरंत ऐरोली के नेशनल बर्न सेंटर ले गए। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक वह 90 फीसदी से ज्यादा जल चुका है।

पुलिस घटना की वजह पता करने में जुटी : घटना की जानकारी पर पहुंचे घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नवी मुंबई जोन 2 के डीसीपी अशोक ढूढे का कहना है कि पुलिस घटना की वजह पता करने की कोशिश कर रही है। इन दिनों जरा-जरा सी बात पर स्कूली छात्र जान देने की कोशिश करने लगे हैं। इसको लेकर लोगों ने चिंता जताई है। घर वालों और अपनी निजी जिंदगी से निराश छात्र खुदकुशी का रास्ता अपना रहे हैं।