Jabalpur Girl murder: मध्य प्रदेश के जबलपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पड़ोसी लड़के से बात करने पर कथित तौर पर एक भाई ने अपनी सगी छोटी बहन की निर्मम हत्या कर दी। घटना रविवार की है। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी दी।
छोटी बहन पर कई बार त्रिशूल से वार किया
जानकारी अनुसार आरोपी भाई ने छोटी बहन पर कई बार त्रिशूल से वार किया। इस दौरान वो चीखती रही, लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा। जब वो अधमरी हो गई तब आरोपी उसे खून से लथपथ सड़क किनारे छोड़ कर भाग गया। पीड़िता को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। 15 साल के आरोपी भाई ने अपनी 14 साल की बहन को पड़ोस के एक लड़के (17) से बात करते देखा तो वो भड़क गया। वो कुछ कहता इससे पहले उसकी बहन उस लड़के की बाइक पर बैठ गई, जिसके बाद भाई ने दौड़कर अपनी बहन को धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
यह देखकर वो लड़का जिससे वो बात कर रही थी मौके से भाग गया। फिर भाई (आरोपी) ने त्रिशूल उठाया और अपनी बहन पर हमला कर दिया। उसने उसकी पीठ और कमर पर चार बार वार किया। वो दर्द से चिल्लाती रही, लेकिन उसका हमला जारी रहा।
गांव के लोगों ने बच्ची के परिवार को सूचित किया
कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने उन पर भी हमला कर दिया और मौके पर भागने में सफल रहा। ऐसे में गांव के लोगों ने बच्ची के परिवार को सूचित किया और घायल लड़की को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद जांच को पहुंची पुलिस को पता चला कि लड़के का अपनी बहन से कुछ दिनों से झगड़ा चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे और दुख में है।