लखनऊ से मन को विचलित करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पत्नी ने दरवाजा खोलने में देरी तो 45 साल के पति ने चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी। वह बच्चों के सामने ही उनकी मां पर वार करता रहा। शख्स की पहचान आदित्य कपूर के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बालकनी से कूदकर भाग गया। पीड़िता शिवानी कपूर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हर तरफ लोग इस घटना की चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

मृतका के पिता ने अपने दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, आदित्य कुछ महीनों से अलग रह रहा था। हालांकि वह कभी-कभी अपने बच्चों से मिलने के लिए फ्लैट पर जाता था। भागने की फिराक में उसे चोट लग गई। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया है। अभी वह अस्पताल में भर्ती है।

घटना रविवार सुबह की है। महानगर इलाके में 45 साल के शख्स ने कथित तौर पर घर का दरवाजा खोलने में देर करने पर पत्नी की अपने बच्चों के सामने चाकू से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पीड़िता शिवानी कपूर (43) के परिवार को सूचित किया।

इसके बाद शिवानी को राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता दिलीप कुमार खन्ना ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, मृतका शिवानी कॉमर्स की लेक्चरर थी। मामले में डीसीपी (सेंट्रल ज़ोन) अपर्णा रजत कौशिक ने कहा, “शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक शख्स ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी है। घटना स्थल की फोरेंसिक जांच की गई है और शव को सौंप दिया गया है।” पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। कई अंगों में चाकू घोंपा गया था।

पत्नी से अलग रह रहा था आदित्य

दरअसल, शिवानी अपने 14 साल के बेटे और 13 साल की बेटी के साथ रहती थी। पुलिस ने कहा कि आदित्य कुछ महीनों से अलग रह रहा था और कभी-कभार अपने बच्चों से मिलने के लिए फ्लैट पर आता था। शनिवार देर रात वह फ्लैट पर पहुंचा। वह दरवाजा खोलने में देर होने पर गाली-गलौज करने लगा। पुलिस ने गार्ड और पड़ोसियों के बयान के आधार पर कहा, जब शिवानी ने दरवाजा खोला तो आदित्य ने उसे पीटना शुरू कर दिया।

बच्चों से बातचीत करने वाले पुलिसकर्मियों ने बताया, “जब उनकी मां पर हमला किया जा रहा था तो दोनों बच्चे चिल्ला रहे थे।” आरोपी रेडीमेड कपड़ों का व्यापारी है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि बालकनी से कूदते समय लगी चोट के कारण उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट में यह भी बात सामने आई है कि कोविड महामारी के दौरान आदित्य को काफी नुकसान हुआ और उसे अपनी दुकान बंद करनी पड़ी। तब से वह अपने मामा की दुकान पर काम कर रहा था। पड़ोसी के अनुसार, आदित्य अक्सर रात में नशे की हालत में फ्लैट पर आता था और शिवानी के साथ तीखी नोकझोंक करता था। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।