लखनऊ के आनंदनगर से शनिवार सुबह दर्दनाक खबर समाने आई है। यहां घर की छत गिरने से तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि यह घटना एक रेलवे कॉलोनी में हुई थी। जिस घर में यह घटना घटी थी उसे कुछ दिनों पहले ही खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। मृतकों की पहचान सतीश चंद्र (41), उनकी पत्नी सरोजिनी देवी (35) और उनके तीन बच्चे हर्षित (13), हर्षिता (10) और अंश (5) के रूप में हुई है।

यह घटना रेलवे कॉलोनी में हुई

पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई। एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे कॉलोनी में घर की छत गिरी हुई देखी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारी ने आगे कहा, “हमें सुबह 8 बजे सूचना मिली कि आनंदनगर में आलमबाग पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत एक घर की छत गिर गई है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें यहां पहुंची। घर की छत टूट कर गिर गई है। घर के अंदर एक ही परिवार के 5 लोग थे। स्थानीय पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई।

परिवार के एक सदस्य की रेलवे में नौकरी लगने वाली थी

लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा, “यह घटना एक रेलवे कॉलोनी में हुई। हमें रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घर को खाली करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। यहां पूर्व रेलवे कर्मचारी का परिवार रहता था और एक सदस्य रेलवे में नौकरी पाने की प्रक्रिया में था।

उन्होंने आगे कहा कि रेलवे अधिकारियों से इस बात पर चर्चा की जाएगी कि कॉलोनी में रहने वाले अन्य लोगों को हटाया जाए या नहीं। हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने मौतों पर दुख जाहिर किया। मामले में आगे की कार्रवाई का जा रही है।