हरियाणा के रेवाड़ी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने एक महिला के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, दिव्या नामक महिला दीपक से प्यार करती थी। वह उसके बिना रहने की कल्पना नहीं कर सकती थी। इसलिए वह हर हाल में उससे शादी करना चाहती थी। वह दीपक पर हर वक्त शादी का दबाव बना रही थी। हालांकि वह पहले से शादीशुदा थी। दीपक उससे शादी नहीं करना चाहता था। वह उससे पीछा छुड़ाना चाहता था इसलिए उसे मारने की योजना बनी ली।

दीपक को पता था कि दिव्या उसके प्यार में पागल है। एक दिन उसने दिव्या से कोर्ट मैरिज की बात कही और मिलने बुलाया। इसके बाद उसने दिव्या का गला घोंटकर मार डाला। इतना ही नहीं उसने अपने दोस्त नरेंद्र के साथ मिलकर दिव्या का चेहरा कुचल दिया। जिससे कोई दिव्या की लाश को पहचान ना पाए। फिलहाल पुलिस ने दिव्या मर्डर केस में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, दिव्या राजस्थान के खुशखेड़ा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। उसी कंपनी में दीपक ड्राइवर था। वह उस बस को ड्राइव करता था जिसमें कंपनी के कर्मचारी आना-जाना करते थे। उस बस में नरेंद्र कंटेक्टर था। दिव्या की उसके पति से बनती नहीं थी। बस में आने-जाने के दौरान उसकी दोस्ती दीपक से बढ़ी और फिर उससे अवैध संबंध बन गए।

दिव्या दीपक से दूसरी शादी करना चाहती थी

इसके बाद से ही दिव्या दीपक पर शादी का दबान बनाने लगी। वह दीपक से दूसरी शादी करना चाहती थी। हालांकि दीपक उससे शादी नहीं करना चाहता था। दिव्या की जिद से परेशान होकर दीपक ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने दिव्या से कोर्ट मैरिज की बात कहकर उसे रेवाड़ी के सुलखा गांव बुलाया। आऱोप है कि वहीं पर दीपक ने गला घोंटकर दिव्या की हत्या कर दी।

नेटवर्क 18 की खबर के अनुसार, आरोपी दीपक बोहड़ाकलां गांव और नरेंद्र रेवाड़ी जिले के बधाराणा का रहने वाला है। दीपक ने शादी का बहाना बनाकर 8 दिसंबर को दिव्या को बुलाया था। जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। दिव्या की हत्या करने में नरेंद्र ने उसका साथ दिया था।

पति की वजह से हुआ मामले का खुलासा

दिव्या के गायब होने के बाद पति उसकी तलाश में भटक रहा था। इधर पुलिस ने भी अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर दिव्या की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस मृतका की शिनाख्त करने के लिए रेवाड़ी, भिवाड़ी और खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में जांच कर रही थी। इसी बीच एक दुकानदार ने पुलिस को बताया कि एक शख्स एक महिला की तलाश कर रहा है। पुलिस उस शख्स के पास पहुंची। पुलिस को पता चला कि वह शख्स दिव्या का पति था। पुलिस को जो शव मिला था वह दिव्या का था। इसके बाद ही खुलासा हुआ कि उसका दीपक नाम के लड़के के साथ अफेयर था। इसके बाद पुलिस दीपक के पास पहुंची। इसके बाद दीपक ने पुलिस के सामने मामले की पूरी जानकारी दी।