पंजाब-हरियाणा के आठ लोगों से शादी करके जेवर-पैसे लेकर भागने वाली लुटेरी दुल्हन की गिरफ्तारी के बाद एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मेडिकल जांच में लड़की एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है।

पंजाब पुलिस ने राज्य के पटियाला जिले से शादी के बहाने कम से कम 8 पुरुषों को ठगने के आरोप में 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। शादी का झांसा देकर लोगों से लूटपाट कर रही महिला व उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था।

पटियाला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा- “महिला ने पिछले चार वर्षों में आठ लोगों से शादी करने और शादी के एक हफ्ते के भीतर घर से गहने और नकदी लेकर भागने की बात कबूल की है।”

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तय कार्रवाई के अनुसार महिला को अदालत में पेश करने से पहले मेडिकल करवाया। जांच में महिला को एड्स निकला है। इसके बाद पुलिस ने सभी आठ पीड़ित दूल्हों से एड्स की जांच कराने को कहा है।

मिली जानकारी के अनुसार महिला गिरोह के साथ अपना टारगेट खोजती थी, फिर उससे शादी करके ससुराल चली जाती थी। अगर पति धनी निकलता था, तो वो 10-15 दिन ज्यादा ससुराल में रह लेती थी। जिसके बाद वो ससुराल वालों को दहेज का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देती थी। अगर ससुराल वालों से मनमाना पैसा नहीं वसूल पाती तो गिरोह के सदस्यों के साथ घर को लूट लेती थी और फरार हो जाती थी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमारे पास इनपुट थे कि 30 साल की एक महिला तलाकशुदा या अधेड़ उम्र के पुरुषों को प्रेम-प्रसंग में फंसा कर उससे शादी कर लेती थी और उसके बाद उसे धोखा देकर पैसे-गहने लेकर भाग जाती थी। इनपुट के आधार पर हमने उस महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसके बाद सारा मामला सामने आया गया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला दो बच्चों की मां है। महिला को चार साल पहले पति ने उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद उसने शादी का झांसा देकर लोगों को लूटने का रैकेट शुरू किया था। महिला को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।