Lockdown 4.0: Two Minor Girls Raped in Rajashtan:  राजस्थान के झालावाड़ जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो दलित नाबालिग लड़कियों के साथ कथित तौर पर बलात्कार की घटनाएं सामने आयी हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार (21-05-2020) को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं झालावाड़ जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर 18 घंटे के अंदर हुईं। एक घटना मंगलवार रात की है जबकि दूसरी घटना बुधवार दोपहर की है। पहले मामले में 16 वर्षीय एक दलित लड़की के साथ बुधवार दोपहर एक पड़ोसी ने कथित रूप से बलात्कार किया। उस समय उसके माता-पिता गांव में मनरेगा के तहत काम करने गए थे।

पुलिस ने बताया कि माता-पिता के लौटने के बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून (पॉक्सो) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है।

दूसरी घटना में मंगलवार (19-05-2020) की रात 13 वर्षीय एक दलित लड़की के साथ उसके पड़ोस के 19 वर्षीय युवक ने कथित रूप से बलात्कार किया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने माता-पिता के साथ बुधवार सुबह थाने पहुंची और युवक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया।

लड़की ने आरोप लगाया है कि आरोपी अक्सर उसे तंग करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ लिया गया है।

आपको याद दिला दें कि अप्रैल के महीने में भी राजस्थान में 40 वर्षीय एक महिला के साथ रेप किये जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में महिला ने थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए उस वक्त बताया था कि वो जेल में बंद अपने बेटे से मिलने के लिए आई हुई थीं।

सवाई-मानसिंह जिले में उनके साथ महिला के साथ कुछ लोगों ने स्कूल के अंदर दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया था।