केरल के त्रिशूर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मंगलवार को एक प्राइवेट स्कूल में पूर्व छात्र बंदूक लहराते हुए स्कूल के अंदर घुस आया और क्लास के अंदर घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी देख स्कूल के कर्मचारी और छात्र दहशत में आ गए। हालांकि इसके बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया।

मामले में स्कूल के कर्मचारी ने बताया कि पूर्व छात्र ने स्कूल के अंदर इधर उधर घूमने के बाद कई गोलियां चलाईं। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आरोपी छात्र का नाम जगन है। वह स्कूल का पूर्व छात्र है। वह त्रिशूर में विवेकोदयम स्कूल के अंदर पहुंचा। इसके बाद वह कर्मचारी कक्ष में घुसा और अपने बैग से बंदूक निकाली। इसके बाद वह कई क्लास के अंदर जाकर छात्रों और कर्मचारियों को डराने लगा। इसके बाद उसने क्लास के अंदर फायरिंग शुरू कर दी।

डीएम ने स्कूल का लिया जायजा

मामले में पुलिस ने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहा आगे की जांच की जा रही है। अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है कि पूर्व छात्र ने ऐसा क्यों किया? घटना के तुरंत बाद डीएम वी.आर. कृष्ण तेजा स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह का यह इकलौता मामला है।

उन्होंने छात्रों के अभिभावकों से चिंता ना करने की अपील की और कहा कि अब हालात काबू में हैं। डीएम ने मीडिया को बताया कि एक पूर्व छात्र स्कूल आया था। वह मानसिक रूप से थोड़ा अस्थिर लग रहा था। उसने अपनी पिस्तौल से दो या तीन गोलियां चलाईं। स्कूल प्रशासन ने हमें यही बताया है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। इस तरह की यह पहली घटना है। मामले की जांच की जा रही है। चिंता की कोई बात नहीं है। हम सभी यहीं हैं। उसे डॉक्टर के पास ले जाया जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपी छात्र की उम्र कितनी है। हालांकि स्टाफ रूम में बैठे हुए उसकी तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में उसे बंदूक निकालकर लहराते हुए देखा जा सकता है।