कर्नाटक के उडुपी से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां कौप तालुक के मजूर गांव में 17 साल की गोद ली हुई बेटी के लापता होने के बाद कलाकार दंपत्ति ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दंपत्ति ने 16 साल पहले बेटी को गोद लिया था। वे काफी फेमस आर्टिस्ट हैं। वे अपने समाज में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं। कपल के सुसाइड की जानकारी पड़ोसी ने पुलिस को दी। घटना के बाद से इलाके में शोक छाया हुआ है। लोगों को इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि सुसाइड नोट में क्या लिखा है?
दरअसल, उनकी गोद ली गई 17 साल की बेटी घर से लापता हो गई थी। दंपत्ति इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पाए और बेटी के गायब होने के कुछ घंटों बाद ही साड़ी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। फेमस थिएटर कलाकार लीलाधर शेट्टी (68) और उनकी पत्नी वसुंधरा एल शेट्टी (59) का शव मंगलवार को उनके बेडरूम में फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशोरी को दंपति ने करीब 16 साल पहले गोद लिया था।
लापता किशोरी का पता लगा रही पुलिस
जानकारी के अनुसार, शेट्टी परिवार के एक रिश्तेदार की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस लापता किशोरी का पता लगा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, लीलाधर एक बार कौप विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। वे मजूर ग्राम पंचायत के प्रमुख के रूप में काम भी कर चुके हैं। उनकी नाटक मंडली काफी लोकप्रिय है। कपल अपने इलाके में जाना-पहचाना नाम हैं।
दरअसल, लीलाधर शेट्टी काफी फेमस कलाकार थे। लोग उन्हें लीलान्ना के नाम से भी बुलाते थे। अपने थियेटर प्रेम के कारण उन्होंने रंगतरंगा थिएटर समूह की स्थापना की थी। दंपत्ति को समाज में योगदान के लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट के खुलासे के बाद ही इस घटना से पर्दा उठ पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
