Kanpur Encounter: विकास दुबे पर शिकंजा कसने के साथ ही साथ उसके करीबियों पर पुलिस का प्रहार जारी है। हमीरपुर में विकास का राइट हैंड कहा जाने वाला अमर दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। इस एनकाउंटर में 2 पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की खबर है। उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि अमर दुबे को मोढाना पुलिस स्टेशन इलाके के अंतर्गत ढेर किया गया है।

बताया जा रहा है कि अमर दुबे कानपुर शूटआउट में शामिल था। इस शूटआउट में 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। पुलिस के मुताबिक इस मुठभेड़ के बाद विकास दुबे अपने खास गुर्गे अमर दुबे के साथ फरार हो गया था।

अमर दुबे अरतारा गांव में छिपा हुआ था। पुलिस के मुताबिक अमर, अतुल दुबे का भाई था। अतुल दुबे को 3 जुलाई को एक मुठभेड़ में मारा गया था। यह भी जानकारी सामने आई है कि कानपुर में हुए शूटआउट से ठीक चार दिन पहले यानी 29 जून को अमर दुबे की शादी हुई थी। शादी के महज 9 दिन बाद ही अमर दुबे पुलिस के हाथों मार गया।

कहा जा रहा है कि विकास दुबे फरीदाबाद के एक होटल में छिपा हुआ था और वो एसटीएफ की टीम को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। इसके कुछ ही घंटों बाद हमीरपुर में अमर दुबे का एनकाउंटर हो गया।

पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स अपने 2 साथियों के साथ नजर आया है। यह तीनों होटल में थे और एसटीएफ के वहां पहुंचने से पहले निकल गए। आशंका जताई जा रही है कि यह शख्स कोई और नहीं बल्कि विकास दुबे ही था।

पुलिस के मुताबिक इसके बाद तीन संदिग्धों को फरीदाबाद से पकड़ा गया और अब तक की जानकारी के मुताबिक इन्हीं के पहचान पत्र पर होटल में कमरा बुक किया गया था। इन तीनों से जानकारी मिलने के बाद फरीदाबाद और दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

बता दें कि विकास दुबे की तलाश में पुलिस की 40 टीमें लगी हुई हैं। कई लोगों को अब तक हिरासत में लेकर जानकारियां जुटाई गई हैं।