दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने कहा है कि जेएनयू की एक छात्रा के साथ उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में शादी का झूठा वादा कर एक शख्स ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली में जेएनयू परिसर में रहने वाली शिकायतकर्ता ने कहा कि वह लगभग चार साल पहले एक संगठन के माध्यम से आरोपी से मिली थी। इसके बाद दोनों की बातचीत हुई और वे दोस्त बन गए।

शादी का वादा कर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने कहा कि तीन अप्रैल को वह वजीराबाद में आरोपी के फ्लैट पर थी। वह उसके पास आया और उससे शादी का वादा किया। उसने कहा कि वह उससे शादी करेगा। इसके बाद उसने पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि अब आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा है।

इस मामले के बारे में डिप्टी पुलिस आयुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा “वजीराबाद पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच शुरू की गई है।”

मुजफ्फरनगर में ससुर ने महिला से किया दुष्कर्म, पति ने कहा अब तुम मेरी अम्मी हो

मुजफ्फरनगर में मीरांपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 26 साल की महिला के साथ उसके ससुर ने कथित तौर पर बलात्कार किया। जिसके बाद महिला के पति ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सात सितंबर को पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक महिला का विवाह पिछले साल हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने पांच अगस्त 2023 को उससे बलात्कार किया और उसे धमकाते हुए उसकी पिटाई की। महिला ने कहा कि घटना के वक्त उसका पति घर में मौजूद नहीं था।

पीड़िता ने जब पति को घटना के बारे में बताया तो उसने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया और उसे घर छोड़ने को कहा। महिला ने बताया कि वह फिलहाल अपने माता-पिता के साथ रह रही है। पुलिस ने बताया कि महिला सात महीने की गर्भवती बताई जा रही है लेकिन उसने शिकायत में इसका जिक्र नहीं किया है। थाना प्रभारी रविंदर यादव के मुताबिक, पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर ससुर और पति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।