सीमा पर पाकिस्तान की नापाक हरकतें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सीमा पर तनाव के बीच भारतीय सुरक्षा बल के जवान पाकिस्तान की सीमा में घुस गए। दरअसल सुरक्षा बलों को एक गुप्त टनल के बारे में जानकारी मिली थी। इस गुप्त रास्ते की छानबीन करते हुए भारतीय जवान पाकिस्तान की सीमा में 200 मीटर अंदर तक गए। बताया जा रहा है कि इस गुप्त रास्ते का इस्तेमाल आतंकवादी किया करते थे। पाकिस्तान की सीमा में बने इस टनल के जरिए आतंकवादी जवानों की नजरों से बचकर सीमा पार करते थे और फिर मौका पाकर बड़ी साजिश को अंजाम दिया करते थे।
न्यूज एजेंसी ‘ANI’ की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले सप्ताह भारतीय जवानों ने कुछ आतंकियों को मारा था। जिसके बाद छानबीन के दौरान 22 नवंबर को जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर के पास पुलिस को 150 मीटर लंबा एक गुप्त रास्ता मिला था। इस रास्ते के जरिए आतंकवादी भारतीय सीमा में घुसपैठ करने का काम किया करते थे। नवंबर के तीसरे हफ्ते में बहादुर जवानों ने आतंकियों का सफाया किया था और उनके पास से मोबाइल फोन मिले थे। इसी मोबाइल फोन के जरिए इस टनल का पता चला है।
इधर मंगलवार को एक बार फिर पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास (एलओसी) अग्रिम चौकियों पर भारी गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी शहीद हो गये।अधिकारियों ने बताया कि मेंढर सेक्टर के तारकुंडी इलाके में सीमा पार से ‘‘बिना किसी उकसावे’’ के गोलीबारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना ने भी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि घटना पर विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।
