लॉकडाउन के बीच दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। द्वारका में हुई इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप घर की बहू पर लगा है। आरोप है कि बहू ने अपने ससुर और सास की गला दबाकर हत्या कर दी। यह भी बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला का पति भी घर में मौजूद था।
यह भी खुलासा हुआ है कि हत्या के वक्त महिला का 6 और 8 साल के दो बच्चे भी घर के अंदर ही थे। आरोप है कि 35 साल की कविता ने अपने 61 साल के ससुर राज सिंह और 58 साल की सास ओमवती को पहले गला दबाकर मारा औऱ फिर उन्हें चाकू से गोद डाला। इस मामले में महिला के 37 साल के पति सतीश सिंह की भूमिका को पुलिस संदिग्ध मान रही है। हालांकि हत्या में उसने किस तरह से भूमिका निभाई? अभी यह साफ नहीं हो सका है।
पुलिस को शुक्रवार (24 अप्रैल, 2020) की सुबह 11 बजे दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस का कहना है कि दोनों डेड बॉडी बिस्तर पर से मिले हैं। पुलिस ने घटना के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीसीआर को सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम दुर्गा विहार, पेज-2 के क्राइम सीन पर पहुंची। दोनों बुजुर्गों की लाश कमरे में बेड पर पड़ी थी।
उनके चेहरे पर जख्म के निशान थे। शुरुआती जांच से पता चला है कि इस हत्या के बीच संपत्ति विवाद हो सकता है। इस मामले में पुलिस कविता और उसके पति से पूछताछ कर रही है।
पुलिस इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। आपको बता दें कि इस देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन किया गया है। दिल्ली में कोरोना वायरस ने जमकर कहर बरपाया है।
संक्रमण के खतरे को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों को सील भी किया गया है। लॉकडाउन के दौरान किसी को भी बेवजह घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई है।
इस दौरान पुलिस लोगों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रही है तथा लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई भी की जा रही है।

