India Lockdown, Murder in Firozabad: देश में जारी लॉकडाउन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सोमवार (27 अप्रैल, 2020) की सुबह पुलिस वाले की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद अब मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या उसके पति ने ही की है। मृतक के घरवालों ने यूपी पुलिस के जवान पर कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
‘न्यूज 18’ की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में यतेंद्र यादव नाम का एक शख्स अपनी पत्नी सरोज के साथ रहता था। यतेंद्र यादव यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद हैं और आगरा में तैनात हैं। आज सुबह यतेंद्र की पत्नी की गोली मारकर अचानक हुई हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सरोज के शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सरोज के पिता रामप्रकाश ने अपने दामाद पर ही सरोज की हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक महिला के भाई ने थाने में जो तहरीर दी है उसमें महिला के पति समेत 3 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मृतक महिला के परिजनों का कहना है कि यतेंद्र का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था। यतेंद्र की पत्नी सरोज उसके अवैध संबंधों का विरोध करती थी और यतेंद्र उसे अपनी राह का कांटा मानता था।
सरोज को अवैध संबंध में रुकावट मान कर ही यतेंद्र ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इधर इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी ग्रामीण राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। बहरहाल अब पुलिस इस मामले में गहन तफ्तीश की जा रही है।
यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल यतेंद्र अपने 3 बच्चों के साथ फरार है। पुलिस का कहना है कि मामले में जरुरी छानबीन की जा रही है। फिलहाल पुलिस को अभी मृतक महिला के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।